निदेशालय ने रिकॉर्ड समय में कराई है काउंसलिंग
उत्तर प्रदेश उच्चतर शिक्षा सेवा आयोग ने निदेशालय को 17 मई को बीएड का परिणाम भेज दिया था। अब 31 मई को असिस्टेंट प्रोफेसर रसायन विज्ञान के 159 चयनितों के साथ असिस्टेंट प्रोफेसर बीएड के 112 चयनित अभ्यर्थियों को भी कॉलेज आवंटित कर दिए जाएंगे। इस बार निदेशालय ने रिकॉर्ड समय में ऑनलाइन काउंसलिंग कराई है।
दरअसल, पूर्व की भर्तियों में निदेशालय काउंसलिंग से पहले अभ्यर्थियों के फोन नंबर मांगता था, इसके बाद कॉलजों के विकल्प भरवाए जाते थे और फिर कॉलेज आवंटित होते थे। इस बार इंटरव्यू के दौरान ही अभ्यर्थियों से कॉलेजों की वरीयता मांग ली गई थी। ऐसे में अब सीधे काउंसलिंग के माध्यम से कॉलेज आवंटित किए जा रहे हैं।
बीस दिनों में 623 अभ्यर्थियों को मिल चुके हैं कॉलेज
उच्च शिक्षा निदेशालय की ओर से अब तक 18 विषयों में असिस्टेंट प्रोफेसर के 623 चयनित अभ्यर्थियों कॉलेज आवंटित किए जा चुके हैं। सबसे पहले 10 मई को हिंदी विषय के 161 अभ्यर्थियों को कॉलेज आवंटित किए गए थे। विज्ञापन संख्या-50 के तहत 47 विषयों में असिस्टेंट प्रोफेसर के 2002 पदों पर भर्ती होनी है। कई विषयों के इंटरव्यू चल रहे हैं। जुलाई तक भर्ती प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी और निदेशालय भी बाकी विषयों के चयनित अभ्यर्थियों को जुलाई तक कॉलेज आवंटित कर देगा।