दरअसल, चयन आयोग ने 18 सितंबर से आवेदन मांगे थे। इसमें सहायक अध्यापक संबद्ध प्राइमरी (अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयाें) के 897 पद व बेसिक शिक्षा के सहायक अध्यापक, शहरी के लिए 11,508 पदों पर भर्ती होनी है। आयोग के उप सचिव संजय कुमार सिंह ने बताया कि अर्हताओं के विस्तार के कारण आवेदन की तिथियां बढ़ाई गई हैं। सहायक अध्यापक (संबद्ध प्राइमरी) पद के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि पहले 28 अक्तूबर 2026 निर्धारित थी। इसे एक सप्ताह के लिए विस्तारित किया गया है। अब इच्छुक अभ्यर्थी चार नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
परीक्षा की तारीख में नहीं है कोई संशोधन
अभ्यर्थियों को अपने भरे हुए ऑनलाइन आवेदन-पत्र में त्रुटि सुधार या संशोधन करने का अवसर भी दिया गया है। यह सुविधा सात नवंबर तक उपलब्ध रहेगी। लिखित परीक्षा के पूर्व घोषित कार्यक्रम में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है। परीक्षा अपनी पूर्व निर्धारित तिथियों तीन और चार दिसंबर को ही होगी। यह परीक्षा प्रदेश के निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर कराई जाएगी।