इसी वर्ष पहला विज्ञापन निकालने का प्रयास
दो साल में कोई भर्ती नहीं कर पाने से आयोग पर दबाव बढ़ गया है। ऐसे में आयोग की पूरी कोशिश है कि दिसंबर तक नई भर्ती के लिए विज्ञापन जारी कर आवेदन लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाए। उच्च एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से भर्ती की नियमावली तैयार कर ली गई है। इन्हें कॉलेजों से रिक्त पदों का विवरण मंगा लिया है। ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि आयोग का पोर्टल तैयार होने के बाद इन दोनों विभागों की ओर से अधियाचन भेज दिया जाएगा। सचिव का कहना है कि इसके बाद तत्काल बाद विज्ञापन जारी कर आवेदन लिए जाएंगे।
आयोग की बैठक आज
गतिरोध के बीच उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की बुधवार को बैठक होगी। कार्यवाहक अध्यक्ष सुचित कुमार की अगुवाई में यह पहली बैठक होगी। आयोग ने असिस्टेंट प्रोफेसर के साक्षात्कार के साथ प्रवक्ता भर्ती परीक्षा को भी स्थगित कर दिया है। अन्य प्रस्तावित भर्ती परीक्षाओं के भी स्थगित होने की आशंका बन गई है। इसके विरोध में प्रतियोगी लगातार आंदोलनरत हैं। जिला प्रशासन की पहल पर आयोग के सचिव के साथ प्रतियोगियों की बात हुई है। इसके अलावा एडीएम सिटी ने सचिव से वार्ता की है। प्रतियोगियों के ज्ञापन के साथ आयोग की ओर से भी शासन में पत्र भेजकर भर्ती परीक्षाओं को लेकर दिशा निर्देश मांगे गए हैं।