UPESSC : उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से सहायक आचार्य को दो पालियों में प्रस्तावित परीक्षा को युवा मंच ने निरस्त करने की मांग की है। इसके पीछे तर्क दिया गया है कि समय से प्रवेश पत्र न जारी होने से अभ्यर्थियों की मुसीबत बढ़ गई है। यह परीक्षा आगरा, मेरठ, लखनऊ, प्रयागराज, गोरखपुर, वाराणसी जनपद के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों पर पूर्वाहन 9:30 बजे से 11:30 बजे तक तथा अपराहन 2:30 बजे से 4:30 बजे तक होनी है। लेकिन अभी तक प्रवेश पत्र जारी न होने से प्रतियोगी छात्रों की चिंता बढ़ी है।
युवा मंच के प्रदेश अध्यक्ष अनिल सिंह ने कहा कि सहायक आचार्य की परीक्षा तिथि 16 व 17 अप्रैल 2025 को निर्धारित है। ऐसे में इस परीक्षा में शामिल होने वाले हजारों प्रतियोगियों ने चिंता जताई है कि हरियाणा,राजस्थान, पंजाब, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, झारखंड आदि राज्यों में जीविका के लिए प्राइवेट कम्पनियों में काम कर रहे और परीक्षा में शामिल होना बड़ी चुनौती होगी। परीक्षा में केवल एक सप्ताह का समय है।
अभी तक प्रवेश पत्र जारी नहीं किया गया है तो कंपनी से छुट्टी के साथ ही किस जिले में परीक्षा देने जाना है और रेलवे में रिज़र्वेशन भी कराना है। शादी विवाह के आयोजन की वजह से टिकट भी मिलना कठिन है, यदि एक दो दिन में प्रवेश पत्र जारी नहीं हो पा रहा है तो परीक्षा स्थगित कर देनी चाहिए, वरना हजारों प्रतियोगियों को परीक्षा से वंचित होना तय है। आयोग यदि प्रवेश पत्र जारी नहीं कर पा रहा है तो कम से कम किस अभ्यर्थी को किस जिले में परीक्षा देनी होगी यही स्पष्ट कर दें, जिससे परीक्षा में शामिल होने में सहजता हो।