फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UPESSC : पोर्टल के इंतजार में अटका असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती का अधियाचन, अभ्यर्थी काफी समय से कर रहे इंतजार

Sat, 27 Dec 2025 07:32 PM IST
विनोद सिंह अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज

सार

उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के अधियाचन पोर्टल के इंतजार में शिक्षकों के हजारों पदों की भर्ती अटकी है। असिस्टेंट प्रोफेसर एवं टीजीटी-पीजीटी शिक्षक के रिक्त पदों का विवरण तैयार है।
विज्ञापन
यूपी शिक्षा सेवा चयन आयोग, UPESSC - फोटो : X(@upesscprayagraj)
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के अधियाचन पोर्टल के इंतजार में शिक्षकों के हजारों पदों की भर्ती अटकी है। असिस्टेंट प्रोफेसर एवं टीजीटी-पीजीटी शिक्षक के रिक्त पदों का विवरण तैयार है। उच्च एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से अधियाचन भी भेजा गया था लेकिन अभी तक आयोग का पोर्टल ही तैयार नहीं हो पाया है। ऐसे में अब नए सिरे से अधियाचन भेजना होगा।

विज्ञापन


उच्च शिक्षा निदेशालय की ओर से असिस्टेंट प्रोफेसर के 1250 पदों का अधियाचन भेजा गया था। इसी तरह से माध्यमिक शिक्षा निदेशालय की ओर से भी टीजीटी-पीजीटी के 22 हजार से अधिक पदों का विवरण भेजा गया था लेकिन शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से अब पोर्टल के माध्यम से ही अधियाचन भेजने का निर्णय लिया गया है।

यह पोर्टल छह महीने पहले ही तैयार हो जाना था लेकिन अक्तूबर में इसकी प्रक्रिया शुरू हो सकी। इसके बाद आयोग की ओर से नवंबर के पहले पखवाड़े में पोर्टल तैयार हो जाने का दावा किया गया लेकिन अब भी इसका इंतजार है। एनआईसी के माध्यम से तैयार पोर्टल का निदेशालय एवं आयोग के स्तर पर ट्रायल चल रहा है। उच्च एवं माध्यमिक शिक्षा निदेशालय की ओर से करीब एक दर्जन बिंदुओं पर सुझाव भी दिए गए हैं।
विज्ञापन


अफसरों का कहना है कि इनमें सुधार के बाद पोर्टल शुरू किया जा सकता है लेकिन इसमें भी अभी कम से कम 10 दिन का समय लगने की बात कही जा रही है। इसके बाद ही अलग-अलग विभागों में शिक्षकों के रिक्त पदों का अधियाचन हो पाएगा। विज्ञापन और भर्ती की आगे की प्रक्रिया इसके बाद शुरू हो पाएगी। हालांकि, उच्च शिक्षा निदेशालय की ओर से जनवरी के पहले पखवाड़े तक अधियाचन भेजने की तैयारी है।

विज्ञापन

असिस्टेंट प्रोफेसर के पदों की संख्या में वृद्धि के आसार

उच्च शिक्षा विभाग की ओर से सहायता प्राप्त अशासकीय महाविद्यालयों में असिस्टेंट प्रोफेसर के रिक्त 1250 पदों का विवरण तैयार किया गया है। हालांकि, इनमें वृद्धि हो सकती है। अधियाचन में देरी को देखते हुए निदेशालय की ओर से कॉलेजों से अन्य रिक्त पदों का भी विवरण मांगा गया है। ऐसे में अधियाचन जारी होने तक पदों की संख्या में बढ़ोतरी के आसार हैं। इसी तरह से माध्यमिक शिक्षा निदेशालय की ओर से भी पूर्व में टीजीटी-पीजीटी शिक्षकों के करीब 22 हजार पदों का विवरण तैयार किया गया था लेकिन अब रिक्त पदों की संख्या 30,731 हो गई है। इनमें से टीजीटी के लिए 24,515 पद हैं। शिक्षा सेवा चयन आयोग का पोर्टल तैयार होने के बाद इन सभी रिक्त पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू होने की बात कही जा रही है।

प्रतियोगियों को मिला आश्वासन, पोर्टल खुलते ही अपलोड होगा अधियाचन

माध्यमिक शिक्षा निदेशालय की ओर से स्पष्ट किया गया है कि शिक्षा सेवा चयन आयोग का पोर्टल खुलते ही टीजीटी-पीजीटी के 25 हजार से अधिक पदों का अधियाचन जारी कर दिया जाएगा। प्रतियोगी छात्र प्रतिनिधिमंडल से जुड़े प्रतियोगियों ने शुक्रवार को माध्यमिक शिक्षा निदेशालय में अफसरों से मुलाकात की और ज्ञापन सौंपा। प्रतियोगियों ने ज्ञापन के माध्यम से शिक्षकों के रिक्त पदों का विवरण व भर्ती के संबंध में जानकारी मांगी। अफसरों ने बताया कि 25 हजार से अधिक पदों का विवरण तैयार है। शिक्षा सेवा चयन आयोग का पोर्टल खुलने के अगले दिन ही टीजीटी-पीजीटी के रिक्त पदों का अधियाचन भेज दिया जाएगा। ज्ञापन सौंपने वालों में शीतला प्रसाद ओझा, नीरज मिश्रा आदि शामिल रहे। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें