उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने बुधवार को उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपी-टीईटी-2026) का विवरण जारी कर दिया है। परीक्षा 26 और 27 फरवरी 2027 को कराई जाएगी। 24 नवंबर से अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होने के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
इसमें ऐसे प्रतियोगी छात्रों को सहूलियत होगी जो टीजीटी में आवेदन कर रहे हैं और टीईटी पास नहीं हैं, क्योंकि टीईटी पास करने के लिए टीजीटी के अभ्यर्थियों को 30 जून 2027 तक का मौका दिया गया है। इसे देखते हुए यह परीक्षा कराए जाने का निर्णय लिया गया है।
आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार की ओर से बताया गया है कि यह परीक्षा प्राथमिक स्तर (कक्षा एक से पांच) और उच्च प्राथमिक स्तर (कक्षा छह से आठ) के शिक्षकों की पात्रता के लिए है। विज्ञापन संख्या 10/2026 आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर 24 नवंबर को प्रदर्शित किया जाएगा।
ऑनलाइन आवेदन शुल्क 23 दिसंबर तक जमा किए जा सकेंगे। आवेदन में किसी त्रुटि के सुधार के लिए 27 दिसंबर तक का अवसर मिलेगा। आयोग ने अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए वन टाइम रजिस्ट्रेशन (ओटीआर) व्यवस्था लागू की है। सभी अभ्यर्थियों को ओटीआर प्रक्रिया पूरी करने के बाद ही ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आयोग के उप सचिव संजय कुमार सिंह ने इन तिथियों की जानकारी दी है।