उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज द्वारा शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपी टीईटी 2026) का परिणाम बुधवार को रात नौ बजे घोषित कर दिया गया। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि यूपी टीईटी 2026 की लिखित परीक्षा दिनांक दो व तीन जुलाई 2026 को दो-दो पाली तथा दिनांक चार जुलाई 2026 को एक पाली इस प्रकार कुल पांच पालियों (तीन पाली उच्च प्राथमिक स्तर एवं तीन पाली प्राथमिक स्तर) में प्रदेश के 60 जनपदों में 955 परीक्षा केंद्रों पर संपन्न कराई गई थी।
इस परीक्षा में पंजीकृत अभ्यर्थियों की अत्यधिक संख्या (19,94,661) होने के दृष्टिगत परीक्षा तीन दिनों की पांच पालियों में संपन्न कराई गई थी। विज्ञापन के बिंदु नौ में उल्लिखित तुलनात्मक मूल्यांकन (नॉर्मलाइजेशन) की प्रक्रिया का अनुसरण करते हुए परिणाम तैयार किया गया है। प्राथमिक स्तर (कक्षा एक से पांच तक) परीक्षा में शामिल कुल 7,13,648 अभ्यर्थियों में से 80.07 प्रतिशत यानी 5,71,435 अभ्यर्थी सफल हुए हैं।
उच्च प्राथमिक स्तर (कक्षा 06 से 08 तक) के लिए परीक्षा में सम्मिलित कुल 10,57,021 अभ्यर्थियों में से 71.85 प्रतिशत अर्थात 7,59,513 अभ्यर्थी सफल घोषित हुए हैं। कार्यरत शिक्षकों में प्राथमिक स्तर पर सम्मिलित कुल 1,22,405 कार्यरत शिक्षकों में से 76.29 प्रतिशत अर्थात 93,387 तथा उच्च प्राथमिक स्तर पर सम्मिलित कुल 1,46,394 कार्यरत शिक्षकों में से 77.45 प्रतिशत अर्थात 1,13,384 कार्यरत शिक्षकों को सफल घोषित किया गया है। चयन परिणाम आयोग की आधिकारिक वेबसाइट
https://upessc.up.gov.in/ पर अभ्यर्थियों द्वारा देखा जा सकता है।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने कहा कि आयोग ने 19 लाख से अधिक अभ्यर्थियों वाली इस विशाल परीक्षा को पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता और सुरक्षा के साथ संपन्न कराया है। उन्होंने कहा कि विज्ञापन में पूर्व से निर्धारित तुलनात्मक मूल्यांकन प्रक्रिया का पालन करते हुए परिणाम तैयार किया गया है।