लोकसभा चुनाव की तर्ज पर अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में बीजेपी एक बार फिर से सोशल मीडिया को अपना प्रमुख हथियार बनाने जा रही है। पार्टी के सभी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को संदेश भेज दिया गया है कि सोशल मीडिया में पूरी तरह से अपडेट रहें। इस बीच सरकार के दो साल पूरा होने के मौके पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने पार्टी नेताओं को निर्देश दे दिया है कि वे सरकार की उपलब्धियों का सोशल मीडिया में जोर शोर से प्रचार करें। उन्होंने मोदी एप को मोबाइल पर ज्यादा से ज्यादा डाउनलोड कराने का भी फरमान जारी किया है। उनके इस निर्देश के बाद यहां स्थानीय नेता अब मोदी एप के प्रचार में जुट गए हैं।
बता दें कि अभी हाल ही में सोशल मीडिया में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के हवाले से कहा गया है कि यूपी में होने वाले विधानसभा चुनाव में पार्टी का उम्मीदवार बनना है तो सोशल मीडिया में भी पार्टी नेता सक्रिय हो जाएं। अगर फेसबुक पर किसी को 25 हजार लाइक मिलते है तो उसे यूपी चुनाव में बीजेपी का टिकट मिल सकता है। इस फरमान के बाद शाह के एक और फरमान ने भी नेताओं के दिलों की धड़कनें बढ़ा दी हैं। अब अमित शाह की ओर से कहा गया है कि मीडिया सरकार की सभी उपलब्धियां नहीं दिखाती। इसके लिए सोशल मीडिया का सहारा लिया जाए।
उनका स्पष्ट निर्देश है कि मोदी एप को ज्यादा से ज्यादा डाउनलोड करवाया जाए। ताकि सरकार के कामकाज लोगों तक जल्दी से जल्दी पहुंच सके। शाह के इस फरमान के बाद सोशल मीडिया में सक्रिय रहने वाले भाजपा के स्थानीय नेता खासे उत्साहित है। भाजपा नेता विजय मिश्र का कहना है कि मोदी एप का इन दिनों जोर शोर से प्रचार किया जा रहा है। भाजपा नेता सुबोध सिंह ने भी फेसबुक, टिवट्र के माध्यम से सोशल मीडिया में सरकार की दो साल की उपलब्धियां शेयर करने की बात कही है।