इनमें एक प्रकार के 60 पद ऐसे हैं, जिन पर चयन केवल लिखित परीक्षा के आधार पर किया जाना है। हालांकि, इस पद का परिणाम अंतिम चयन परिणाम के साथ घोषित किया जाएगा। बाकी 887 पदों पर चयन लिखित परीक्षा एवं साक्षात्कार के आधार पर किया जाना है जिसके सापेक्ष 2719 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए सफल घोषित किया गया है।
आयोग के सचिव अशोक कुमार के अनुसार, परीक्षा के संबंध में इलाहाबाद उच्च न्यायालय में 15 रिट याचिकाएं विचाराधीन हैं। याचिकाओं से जुड़े अभ्यर्थियों (याचीगण) का परिणाम घोषित नहीं किया गया है। परीक्षा परिणाम संबंधित याचिकाओं में पारित न्यायालय के निर्णय के अधीन रहेगा।
वहीं, उत्तर प्रदेश के बाहर की महिला अभ्यर्थियों का परिणाम उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से योजित विशेष अपील में उच्च न्यायालय द्वारा पारित अंतिम निर्णय के अधीन रहेगा। सचिव के अनुसार, मुख्य परीक्षा में अभ्यर्थी जिन-जिन पदों के लिए सफल घोषित किए गए है, उन पदों के लिए अधिमान्यता एवं साक्षात्कार के बारे में विस्तृत सूचना अलग से जारी की जाएगी।
अंतिम चयन परिणाम के बाद जारी होंगे प्राप्तांक, कटऑफ
यूपीपीएससी के सचिव अशोक कुमार के अनुसार परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों के प्राप्तांक, कट ऑफ अंक आदि की सूचनाएं पीसीएस परीक्षा का अंतिम चयन परिणाम घोषित होने के बाद जारी की जाएंगी। इसलिए प्राप्ताकों एवं कट ऑफ अंकों के बारे में सूचना का अधिकार अनिधिनयम-2005 के तहत प्रार्थनापत्र प्रेषित न किए जाएं।