प्रतापपुर में भाजपा से आगे रहा तृणमूल कांग्रेस
इलाहाबाद लोकसभा क्षेत्र की पांच विस सीटों में सिर्फ दक्षिणी से भाजपा बढ़त बना सकी। वहीं, यमुनापार की करछना, मेजा, बारा और कोरांव विस सीटों पर भाजपा उम्मीदवार नीरज त्रिपाठी को हार का सामना करना पड़ा। इसी तरह भदोही लोकसभा क्षेत्र आंशिक के तहत जिले में आने वाली हंडिया और प्रतापपुर सीटें पिछले विस चुनाव में सपा ने भाजपा गठबंधन को हराकर जीत ली थीं।
इस बार हंडिया से भाजपा को बढ़त मिली है। वहीं, प्रतापपुर में सपा-कांग्रेस-तृणमूल गठबंधन आगे रहा है। इसी तरह कौशाम्बी की पांच विधानसभा सीटों में मंझनपुर, चायल और सिराथू पहले से ही सपा के कब्जे में हैं। कुंडा और बाबागंज में जनसत्ता दल लोकतांत्रिक ने पिछला विधानसभा चुनाव जीता था। इस बार जनसत्ता दल ने लोकसभा चुनाव में अपना प्रत्याशी नहीं उतारा था। ऐसे में यहां की सभी पांचों सीटों पर सपा ने जीत हासिल की।
प्रतापगढ़ की पांच विधानसभा सीटों में पिछले विस चुनाव में रामपुर खास से कांग्रेस ने जीत दर्ज की थी। इस बार सिर्फ विश्वनाथगंज विस सीट पर भाजपा बढ़त बना सकी है। बाकी चार सीटों रामपुर खास, प्रतापगढ़ सदर, रानीगंज और पट्टी में सपा ने जीत हासिल की है। इस तरह भाजपा को इन तीनों जिलों में बड़े नुकसान का सामना करना पड़ा है।