उत्तर प्रदेश होमगार्ड भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा 25, 26 और 27 अप्रैल को जिले के 37 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। इसमें 84,096 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन बनाने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने व्यापक तैयारियां की हैं।
पुलिस आयुक्त जोगेंद्र कुमार और जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने बुधवार को पुलिस लाइन सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन जांच की जाए और किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण या प्रतिबंधित सामग्री को अंदर ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर तीन बजे से शाम पांच बजे तक होगी। उन्होंने सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेट सहित केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिया कि परीक्षा के दौरान निगरानी बनाए रखें और कंट्रोल रूम को नियमित रूप से सूचना देते रहें।
लापरवाही बरतने पर होगी कार्रवाई
पुलिस आयुक्त ने परीक्षा केंद्रों के बाहर अनावश्यक भीड़ न लगने देने, संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने और नकल कराने वाले गिरोहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कर्मियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
हर पाली में परीक्षा देंगे 14,016 अभ्यर्थी
अधिकारियों ने बताया कि तीन दिवसीय परीक्षा में कुल छह पालियां आयोजित की जाएंगी। हर पाली में 14,016 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा के लिए शहर में 31, यमुनानगर में चार और गंगानगर में दो केंद्र बनाए गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि अगर कोई व्यक्ति परीक्षा प्रभावित करने का प्रयास करता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
यह रहेगी व्यवस्था
- मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, स्मार्ट वॉच, कैलकुलेटर पर रोक।
- परीक्षा केंद्र के आसपास भीड़ पर रोक।
- नकल और संदिग्ध गतिविधियों पर सख्त रोक।
- केंद्र पर बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर रोक।
- केवल अभ्यर्थी और अधिकृत स्टाफ ही अंदर जा सकेगा।