सपा मुखिया अखिलेश यादव ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बीजेपी के छोटे नेता छोटा झूठ, बड़े नेता बड़ा झूठ और सबसे बड़े नेता सबसे बड़ा झूठ बोल रहे हैं। जनता का इन लोगों पर से विश्वास उठ गया है। जनता इस बार सपा की सरकार यूपी में बना रही है। दो चरणों के मतदान में सपा ने शतक पूरा कर लिया है। सपा की यूपी में पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी। अखिलेश करछना में पार्टी की जनसभा में बोल रहे थे।
बेरोजगारी, भर्तियों में अनियमितता को लेकर जारी आंदोलनों के बीच सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भर्तियों का पिटारा खोलने का वादा कर युवाओं को साधने की कोशिश की। उन्होंने कहा, प्रदेश में सपा की सरकार बनी तो सरकारी विभागों में रिक्त 11 लाख पदों पर भर्ती की जाएगी। यमुनापार की चारों विधानसभा क्षेत्रों की करछना में आयोजित सभा को लेकर युवाओं में खासा उत्साह दिखा।
बीएड संघर्ष मोर्चा, अनुदेशक समेत अनेक भर्तियों से जुड़े युवा अपना बैनर-पोस्टर लेकर अगली पंक्ति में खड़े थे। युवाओं के इस उत्साह और उम्मीदों से ख्रुद को जोड़ने में अखिलेश भी पीछे नहीं रहे। उन्होंने कहा, सपा की सरकार बनने पर11 लाख रिक्त पदों के साथ पुलिस विभाग में भर्ती की जाएगी। बीएड वालों को समायोजित किया जाएगा।
शिक्षकों के 69 हजार पदों की भर्ती में हुई अनियमितता को दूर किया जाएगा। अनुदेशकों को नियमित किया जाएगा। शिक्षा मित्रों की स्थिति में सुधार होगा। संविदा कर्मियों का मानदेय भी बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि ये सभी वादे घोषणा पत्र में शामिल किए गए हैं जिन्हें पूरा किया जाएगा। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार में पेपर आउट हुए। परीक्षाएं निरस्त की गईं।
कोरोना काल में सबसे बुरा प्रभाव शिक्षा पर पड़ा। सपा की सरकार बनने पर इसमें सुधार किया जाएगा। सपा नेता ने कई तरह की घोषणा केसाथ महिलाओं को भी जोड़ने की कोशिश की। उन्होंने 33 प्रतिशत आरक्षण देने, महिलाओं के बेहतर शिक्षा व्यवस्था, बसों में मुफ्त यात्रा समेत अनेक घोषणाएं की।
उन्हाेंने मुफ्त सिंचाई, 300 यूनिट तक बिजली मुफ्त समेत अन्य घोषणाओं को भी दोहराया। अखिलेश ने महंगाई, भ्रष्टाचार, बैंकों के कर्ज डूबने, आदि मुद्दों को उठाकर आम मतदाताओं को जोड़ने की कोशिश की। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि यह छोटा चुनाव नहीं है। यह प्रदेश का भाग्य बनाने, देश और संविधान को बचाने, बदहाली से खुशहाली की ओर जाने का चुनाव है।
अखिलेश ने प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाने का भी दावा किया। उन्हाेंने कहा कि पहले दो चरणों में सीटों का शतक लग चुका है। चार चरणों में दोहरा शतक लग जाएगा। सातों चरण के मतदान के बाद पार्टी बड़े बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। अखिलेश यादव ने करछना से पार्टी उम्मीदवार उज्जवल रमण सिंह, मेजा के संदीप सिंह पटेल, बारा के अजय भारती मुन्ना, कोरांव के रामदेव निडर को जिताने की अपील की।
जिलाध्यक्ष योगेश चंद्र यादव ने संचालन किया। इससे पहले राज्यसभा सदस्य रेवती रमण सिंह, स्टार प्रचारक नरेंद्र सिंह, पूर्व सांसद धर्मराज पटेल, महानगर अध्यक्ष आदि ने भी सपा प्रत्याशियों के लिए वोट की अपील की। सपा अध्यक्ष की मौजूदगी में जगदीश ने पार्टी की सदस्यता भी ग्रहण की।