उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में भरी सभा के दौरान क्षेत्रीय विधायक व कैबिनेट मंत्री को हत्या की धमकी देने का मामला सामने आया है। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह उर्फ मोती सिंह को सपा नेता व हिस्ट्रीशीटर का कथित भांजा एक वीडियो में खुलेआम हत्या की धमकी देता नजर आ रहा है।
आसपुर देवसरा इलाके के हिस्ट्रीशीटर सभापति यादव के कथित भांजे चंदन यादव नाम के युवक का वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
वीडियो में वह खुलेआम अपना नाम और पहचान बताकर धमकी दे रहा है। वह क्षेत्रीय विधायक राजेंद्र प्रताप उर्फ मोती सिंह को दौड़ा-दौड़ाकर हत्या कर देने की बात कर रहा है।
सोशल मीडिया पर करीब 50 लोगों की भीड़ का एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें एक व्यक्ति जो खुद को सुल्तानपुर का रहने वाला चंदन यादव उर्फ बग्गड करौंदी बता रहा है। सभापति यादव को अपना मामा बताते हुए वह अन्य व्यक्तियों के साथ मिलकर कैबिनेट मंत्री मोती सिंह के खिलाफ अशोभनीय शब्दों का प्रयोग कर रहा है।
वीडियो में चंदन साफ कह रहा है कि सभापति यादव मेरे मामा लगते हैं, अगर उन्हें कुछ हुआ तो मैं मोती सिंह का एनकाउंटर करूंगा। उक्त वीडियो को संज्ञान में लेकर आरोपियों के खिलाफ थाना आसपुर देवसरा में मामला दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।