इलाहाबाद (ब्यूरो)। लगातार चार दिन के गतिरोध के बाद आखिरकार शुक्रवार को पांचवें दिन यूपी बोर्ड की कापियों का आंशिक मूल्यांकन शुरू हो गया। उप्र माध्यमिक शिक्षक संघ के अलग-अलग गुट जहां मूल्यांकन का बहिष्कार कर रहे हैं, वहीं उप्र माध्यमिक शिक्षक संघ शर्मा गुट ने बिना किसी वार्ता और मांगों के पूरी हुए बहिष्कार का फैसला वापस लेते हुए मूल्यांकन शुरू कर दिया है।
शहर के सात मूल्यांकन केंद्रों पर जहां बड़ी संख्या में परीक्षकों ने मूल्यांकन का बहिष्कार किया तो वहीं गिनती के शिक्षकों ने विरोध के बीच मूल्यांकन किया। इस दौरान राजकीय इंटर कॉलेज मूल्यांकन केंद्र पर विरोध करने वालों ने कुछ महिला परीक्षकों से अभद्र आचरण किया। इस बात को लेकर कुछ देर तक तनाव बना रहा।
डीआईओएस का दावा हवा-हवाई
शहर के मूल्यांकन केंद्रों पर शर्मा गुट के कुछ शिक्षकों ने जहां मूल्यांकन करने के साथ शहर के अन्य केन्द्रों पर पहुंचकर मूल्यांकन को प्रेरित किया तो वहीं वित्तविहीन शिक्षकों ने मानदेय पर फैसले किए बिना मूल्यांकन शुरू करने से साफ मना कर दिया है।
जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) कोमल यादव मूल्यांकन केंद्रों पर हजारों कापियों के मूल्यांकन की बात कर रहे हैं, लेकिन केंद्रों के प्रभारियों की मानें तो गिनती की ही कापियों का मूल्यांकन हुआ। केंद्रो पर 10 से 20 फीसदी शिक्षकों ने मूल्यांकन करना चाहा, परंतु विरोध करने वालों के आगे वे लाचार दिखाई पड़े। जिला विद्यालय निरीक्षक की ओर से मूल्यांकन केंद्रों पर डीएचई की ओर से निकाली गई कापी को ही मूल्यांकन मान लिया गया, जबकि प्रधानाचार्यों ने कहा कि मूल्यांकन नहीं के बराबर रहा।
वहीं समाजवादी शिक्षक सभा के यशवंत प्रताप सिंह ने मूल्यांकन शुरू होने का दावा किया। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ शर्मा गुट के जिलाध्यक्ष जंग बहादुर सिंह पटेल और मंडलीय मंत्री रमेश चन्द्र शुक्ल ने मूल्यांकन शुरू करने का दावा किया। जिलाध्यक्ष के पास इस सवाल का कोई जवाब नहीं था कि आखिर में बिना किसी मांग के पूरी हुए आंदोलन कैसे वापस ले लिया।
उत्तर प्रदेश प्रधानाचार्य परिषद ने वित्तविहीन शिक्षकों को मानदेय देने और मूल्यांकन पारिश्रमिक के भुगतान की मांग का समर्थन किया है। संघ के प्रवक्ता एसपी तिवारी, संरक्षक डॉ. यज्ञदत्त शर्मा, मंत्री ब्रजेश शर्मा, जिलाध्यक्ष लल्लू प्रसाद त्रिपाठी ने शिक्षकों के बहिष्कार का समर्थन किया है। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ वित्तविहीन गुट के ननकेश बाबू ने बहिष्कार के पूरी तरह सफल होने का दावा किया है। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ चेतनारायण गुट के प्रदेश महामंत्री लवकुश मिश्र के नेतृत्व में शिक्षकों ने सभी मूल्यांकन केंद्रों पर संपर्क किया। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ ठकुराई गुट के लालमणि द्विवेदी ने बहिष्कार को सफल बताया, उन्होंने जिला विद्यालय निरीक्षक के भारी संख्या में मूल्यांकन के दावे को गलत बताया।