इलाहाबाद(ब्यूरो)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़े छात्रों ने आयोग अध्यक्ष को हटाने की मांग का मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन शुक्रवार को डीएम को सौंपा। वे अध्यक्ष को हटाने की मांग कर रहे थे। ज्ञापन में उन्होंने आयोग की भर्तियों तथा पेपर आउट होने की उच्च स्तरीय जांच की मांग की।
जबकि, प्रदर्शन के दौरान वे सीबीआई जांच की मांग कर रहे थे। ज्ञापन सौंपने वालों में रिंकू पयासी, दिलीप शुक्ल भाष्कर मिश्र, अविनाश दुबे, अजीत उपाध्याय, सनत मिश्रा, रत्नेश पांडेय आदि शामिल रहे। युवा भाजपा के नेता श्याम प्रकाश पांडेय ने भी आयोग की भर्तियों की सीबीआई जांच की मांग की। श्याम ने इस मसले पर गृहमंत्री से वार्ता का भी दावा किया।
पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा के दोनों पेपर निरस्त करने, सीबीआई जांच आदि की मांग को लेकर आइसा से जुड़े छात्रों का केपीयूसी हॉस्टल के सामने स्थित पार्क में धरना शुक्रवार को भी जारी रहा। पार्क पीएसी के जवानों की घेरेबंदी में रहा। इसके बावजूद छात्रों ने धरना दिया। पूरे मामले में प्रधानमंत्री और गृहमंत्री की चुप्पी पर भी नाराजगी रही। धरना में सुनील मौर्या, अंतस सर्वानंद, प्रदीप कुमार आदि शामिल रहे।
बुधवार को आयोग दफ्तर पर धरना-प्रदर्शन के दौरान गिरफ्तार कौशल सिंह की शुक्रवार को भी रिहाई नहीं हो पाई। कुंवर साहब सिंह, रिंकू सिंह, विक्रम सिंह, नीरज पांडेय आदि ने जेल में कौशल से मुलाकात की और छुटने के बाद प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी दी। ये छात्र विश्वविद्यालय से बालसन चौराहा तक निकले कैंडल जुलूस में भी शामिल हुए।