उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) सत्र 2022 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट का परिणाम जून के दूसरे सप्ताह में जारी हो सकता है। परिषद लिखित और प्रायोगिक परीक्षा परिणाम का मिलान कर परिणाम को अंतिम रूप देने में जुटा है। यह काम 10 जून तक पूरा हो जाएगा। इसके बाद परिषद जून के दूसरे सप्ताह में कभी भी परिणाम जारी करने की तिथि का एलान कर सकता है।
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा विधानसभा चुनाव के बाद 24 मार्च से 13 अप्रैल के बीच संपन्न हुई थी। इसमें कुल 51,92,689 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिसमें हाईस्कूल के परीक्षार्थियों की संख्या 27,81,654 और इंटरमीडिएट के परीक्षार्थियों की संख्या 24,11,035 थी। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट को मिलाकर कुल 47,75,749 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए। इसमें हाईस्कूल के 25,25,007 एवं इंटरमीडिएट के 22,50,742 परीक्षार्थी हैं।