अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक सहित चार कक्ष निरीक्षकों पर कार्रवाई
संयुक्त शिक्षा निदेशक ने नैनी क्षेत्र के तीन परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया
प्रयागराज। यूपी बोर्ड परीक्षा के पहले दिन मंडलीय सचल दल का नेतृत्व कर रहे संयुक्त शिक्षा निदेशक (जेडी) को परीक्षा केंद्र श्री डी सिंह इंटर कॉलेज, बारामार, नैनी में कई गड़बड़ियां मिलीं। जेडी दिव्यकांत शुक्ल ने कक्ष संख्या सात एवं 10 में लगे वायस रिकार्डर के काम नहीं करने पर केंद्र व्यवस्थापक शिवबाबू त्रिपाठी एवं अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक अभय कुमार उपाध्याय को हटाने का निर्देश जिला विद्यालय निरीक्षक को दिया।
जेडी के नेतृत्व में सचल दल को श्री डी सिंह इंटर कालेज बारामार नैनी परीक्षा केंद्र के कक्ष संख्या सात में पिंकी गुप्ता तथा कक्ष संख्या 10 में शिखा केसरवानी, जो हिंदी विषय में पीजी हैं, हिंदी की परीक्षा में ड्यूटी करते मिलीं। इन शिक्षिकाओं को तत्काल कार्यमुक्त कर दिया गया। जेडी ने आंतरिक सचल दल में शामिल विकास यादव, जो हिंदी विषय केसाथ स्नातक हैं, उन्हें उसी विषय की परीक्षा के चलते हटा दिया गया। जेडी ने श्रीमती डी सिंह सरस्वती शिशु विद्या मंदिर इंटर कालेज, नैनी में विद्यालय के कक्ष संख्या 14 में लगे इंटरकॉम को चालू हालत में पाए जाने पर हटवा दिया। जेडी दिव्यकांत शुक्ल ने बाल विकास इंटर कॉलेज चकराना नैनी के कक्ष निरीक्षक गौरव मिश्र को हिंदी विषय का अध्यापक होने के चलते कार्यमुक्त कर दिया।
कौशांबी में केंद्र व्यवस्थापक, कक्ष निरीक्षक को हटाया
प्रयागराज। संयुक्त शिक्षा निदेशक ने दूसरी पाली इंटर हिंदी की परीक्षा में कौशाम्बी के चार केंद्रों का निरीक्षण किया। जय मां दुर्गे इंटर कॉलेज, अमिरतापुर कौशाम्बी के निरीक्षण में कक्ष निरीक्षक सानिया सिद्दीकी की स्थिति संदिग्ध पाए जाने पर उन्हें कार्यमुक्त कर दिया गया। जेडी दिव्यकांत शुक्ल ने इस केंद्र के केंद्र व्यवस्थापक को बदलने के लिए कौशाम्बी के जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देश दिया।