यूपी बोर्ड परीक्षा को नकलविहीन बनाने की तमाम कोशिशों के बावजूद नकल माफिया परीक्षा केंद्रों पर नकल कराने में जुटे हैं। वैसे सख्ती का असर है कि प्रदेश में अब तक कुल 65 मुन्नाभाई पकड़े जा चुके हैं। इनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर इन्हें जेल भेजा जा चुका है। परीक्षा केंद्रों की लगातार मॉनिटरिंग की वजह से अब तक विभिन्न जिलों में अलग-अलग प्रश्नपत्रों में कुल 65 मुन्ना भाई पकड़े गए जो दूसरे के स्थान पर परीक्षा दे रहे थे। इनमें सबसे अधिक गाजीपुर एवं बलिया के है। तीसरे स्थान पर आगरा है।
गाजीपुर में 18 और बलिया में 15 मुन्ना भाई पकड़े गए। इसी क्रम में आगरा में पांच, प्रयागराज-आजमगढ़ में चार-चार जबकि प्रतापगढ़ और गोरखपुर में तीन-तीन सॉल्वर शामिल हैं। इसके अलावा भदोही व जौनपुर में दो-दो मुन्नाभाई शिकंजे में आए हैं। सभी के खिलाफ एफआईआर कराते हुए उन्हें जेल भेज दिया गया है। इसके पहले मंगलवार को बोर्ड की सख्ती की वजह से डेढ़ लाख परीक्षार्थी गणित की परीक्षा से गैरहाजिर रहे।
बुधवार को हाईस्कूल संस्कृत,संगीत वादन एवं इंटर चित्रकला. उर्दू समेत विभिन्न राज्य भाषाओं की परीक्षा थी। बोर्ड सचिव दिब्यकांत शुक्ल ने बताया कि अधिकारियों की सक्रियता की वजह से नकल माफियाओं पर शिकंजा कसा जा सका है। अधिकारी निरंतर सतर्कता बरतेंगे।
अंग्रेजी की परीक्षा पर रहेगी तीसरी नजर
यूपी बोर्ड परीक्षा में शुक्रवार को दूसरी पाली की इंटरमीडिएट में अंग्रेजी की परीक्षा में 23.5 लाख से अधिक परीक्षार्थी शामिल होंगे। बोर्ड सचिव दिव्यकांत शुक्ल के मुताबिक परीक्षार्थियों की संख्या के मद्देनजर बोर्ड नई रणनीति पर काम कर रहा है। शिक्षाधिकारी परीक्षा के एक दिन पहले केंद्रों का औचक निरीक्षण करेंगे, स्ट्रांग रूम की जांच भी की जाएगी। बोर्ड भी सीसीटीवी कैमरे से परीक्षा पर नजर रखेगा। मुख्यालय एवं क्षेत्रीय कार्यालय के अफसर 24 घंटे मौजूद रहेंगे।
यूपी बोर्ड परीक्षाओं के साथ ही उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन की तैयारियां भी बोर्ड ने अभी से शुरू कर दी हैं। बोर्ड की तरफ से परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन होली पर्व के बाद शुरू होगा। इसको देखते हुए बोर्ड ने तैयारी शुरू कर दी है। उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन में सबसे पहले ओएमआर का मूल्यांकन कराया जाएगा। इसके बाद उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन शुरू होगा। बोर्ड की तरफ से 15 कार्य दिवसों में मूल्यांकन का कार्य कराने का लक्ष्य निर्धारित किया जा रहा है।