उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) प्रयागराज स्थित मुख्यालय के भवनों का कायाकल्प कर परिसर को नया रूप देने की तैयारी में जुटा है। परिसर में शताब्दी द्वार, बाउंड्री और एक ऑडिटोरियम बनना है। इसके लिए शासन से 14 करोड़ रुपये की वित्तीय मंजूरी भी मिल गई है, जिसमें से पांच करोड़ का बजट प्राप्त हो चुका है।
हालांकि, मरम्मत और निर्माण कार्य शुरू होने के बावजूद परिषद परिसर के अंदर सरकारी आवासों पर 15 लोगों ने अवैध कब्जा कर रखा है। इनमें परिषद, निदेशालय के सेवानिवृत्त कर्मचारी, वर्तमान लिपिक और कुछ बाहरी लोग भी शामिल हैं। ये लोग आवासों को गैरेज या गोदाम तक बना लिए हैं। नोटिस और निदेशालय स्तर पर अपील खारिज होने के बावजूद आवास खाली नहीं कर रहे हैं। माध्यमिक शिक्षा परिषद के अपर सचिव सत्येंद्र सिंह ने बताया कि मौखिक रूप से कहने पर भी ये लोग झगड़े पर आमादा हो जाते हैं। कब्जों की वजह से पूरब दिशा में प्रस्तावित शताब्दी द्वार और परिसर की बाउंड्री का कार्य ठप है।