यूपी बोर्ड: 1020 स्कूलों की मान्यता पर लगी मुहर
प्रयागराज। यूपी बोर्ड मान्यता समिति की ओर से अनुमोदित 1020 स्कूलों को शासन ने मान्यता दे दी है। अब इन विद्यालयों में नौवीं-ग्यारहवीं के पंजीकरण के आवेदन हो सकेंगे। राज्यपाल ने प्रदेश के कुल 1020 विद्यालयों को हाईस्कूल, सीधे हाईस्कूल (9-10), सीधे हाईस्कूल (6 से 10), इंटर नवीन, अतिरिक्त विषय, वित्तविहीन मान्यता वर्ष 2021 की परीक्षा में शामिल होने की अनुमति प्रदान कर दी है। शासन की ओर से प्रयागराज क्षेत्रीय कार्यालय से संबद्ध 320, गोरखपुर से संबद्ध 156, वाराणसी से संबद्ध 215, मेरठ से संबद्ध 222 और बरेली से संबद्ध 109 विद्यालयों की मान्यता को अनुमोदन मिल गया।
यूपी बोर्ड की ओर से इन स्कूलों की मान्यता के लिए जनवरी में ही स्क्रीनिंग प्रक्रिया पूरी करने के बाद शासन के पास प्रस्ताव भेजा गया था। इस बीच लोकसभा चुनाव होने के चलते मान्यता की फाइल शासन में फंस गई। बोर्ड की ओर से प्रस्ताव शासन के पास भेजे जाने के छह महीने बाद उस पर मंजूरी मिली है। शासन की ओर से नियमानुसार अप्रैल में नए सत्र के शुरू होने के साथ नई मान्यता पर निर्णय लेने का नियम है। अप्रैल में स्कूल खुलने के तीन महीने से अधिक का समय बीत जाने के बाद नई मान्यता मिल सकी है। नए शैक्षिक सत्र के लिए इंटरमीडिएट स्तर पर नए विषयों की मान्यता और हाईस्कूल-इंटरमीडिएट के नए विद्यालयों की मान्यता देने के लिए यूपी बोर्ड मुख्यालय पर मान्यता समिति की बैठक सात से नौ जनवरी को हुई थी।