होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी परीक्षा की उत्तरकुंजी जारी
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी स्क्रीनिंग परीक्षा-2018 की उत्तरकुंजी जारी कर दी है। अनंतिम उत्तरकुंजी पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए अभ्यर्थियों को 18 जुलाई तक का समय दिया गया है।
30 सितंबर 2018 को आयोजित स्क्रीनिंग परीक्षा में सामान्य अध्ययन एवं होम्योपैथी विषय से संबंधित वस्तुनिष्ठ प्रकार के सवाल पूछे गए थे। चारों सिरीज (ए, बी, सी एवं डी) की उत्तर पुस्तिकाओं की उत्तरकुंजी 17 जुलाई तक आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगी। हालांकि, अनंतिम उत्तरकुंजी में किसी तरह का बदलाव नहीं किया गया है। परीक्षा नियंत्रक अरविंद कुमार मिश्र के अनुसार अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट पर प्रदर्शित उत्तरकुंजी देख लें और आपत्तियां बंद लिफाफे में डाक या सीधे आयोग के काउंटर पर 18 जुलाई को शाम पांच बजे तक किसी भी कार्य दिवस में उपलब्ध करा सकते हैं। निर्धारित तिथि के बाद प्रत्यावेदन पर आयोग की ओर से विचार नहीं किया जाएगा। आपत्तियां जिस बंद लिफाफे में भेजी जाएंगी, वह ‘अरविंद कुमार मिश्र, परीक्षा नियंत्रक, अतिगोपन-1 अनुभाग, उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग, प्रयागराज’ को संबोधित होगा।