राज्य विधिज्ञ परिषद (यूपी बार काउंसिल) चुनाव में मतदान में धांधली की शिकायत पर शनिवार को देर शाम अधिवक्ताओं ने विरोध जाहिर किया। इसको लेकर घंटों अफरातफरी और गहमा गहमी मची रही।
उत्तर प्रदेश बार कौंसिल चुनाव के चौथे चरण के दूसरे दिन प्रयागराज में करीब 5632 वकीलों ने मतदान किया। सुबह 10 बजे से शुरू हुए मतदान के दौरान शाम करीब पांच बजे धांधली का आरोप लगा वकीलों ने विरोध दर्ज कराया। शुक्रवार को 6644 मतदाताओं में मताधिकार का प्रयोग किया था।
विज्ञापन
करीब 33 हजार मतदाता वाले प्रयागराज में सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर चार दिन मतदान होना है। प्रत्याशियों के मुताबिक दो दिन चले मतदान में अब तक करीब 12276 मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग कर लिया है। हालांकि, बार कौंसिल ने खबर लिखे जाने तक मतदान का कोई आंकड़ा जारी नहीं किया था। मतदान सिलसिला दो फरवरी तक चलेगा।
शनिवार सुबह से ही प्रत्याशी और उनके समर्थक बार कौंसिल कार्यालय के बाहर मतदाताओं को अपने पक्ष में मतदान के लिए रिझाते नजर आए। देर शाम दूसरे जिले के मतपत्र पर वोट डाले जाने, मतदान के दौरान मोबाइल फोन के प्रयोग का आरोप लगा कई प्रत्याशी व उनके समर्थकों ने तीखा विरोध भी दर्ज कराया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें कुछ प्रत्याशी व उनके समर्थक चुनाव अधिकारी व पर्यवेक्षक का घेराव करते नजर आ रहे हैं। हालांकि, अमर उजाला इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
विज्ञापन
विरोध के दौरान मौजूद जिला अधिवक्ता संघ के पूर्व कार्यकारिणी सदस्य आलोक मिश्रा का आरोप है कि प्रयागराज में दूसरे जिले के मतपत्र के जरिये मतदान किया जा रहा है। प्रतिबंध के बावजूद लोग मतदान स्थल पर मोबाइल फोन लेकर पहुंच रहे हैं। इससे चुनाव की शुचिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। वहीं, बार कौंसिल के प्रत्याशी देवेंद्र कुमार मिश्र नगरहा ने कहा कि मतदान शांतिपूर्ण चल रहा है। गड़बड़ी के आरोप महज अफवाह हैं।