फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

इविवि ने यूजीसी को भेजा पाठ्यक्रमों का विवरण, एनटीए के माध्यम से संयुक्त प्रवेश परीक्षा कराने के आसार बढ़े

Mon, 24 May 2021 08:25 PM IST
विनोद सिंह न्यूज डेस्क, अमर उजाला, प्रयागराज
विज्ञापन
allahabad university - फोटो : प्रयागराज
विज्ञापन

इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) में प्रवेश की प्रक्रिया जल्द ही शुरू हो सकती है। इसके लिए इविवि प्रशासन ने विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) को पाठ्यक्रमों का विवरण भेज दिया है। यूजीसी को पाठ्यक्रमों का विवरण भेजे जाने से स्पष्ट हो गया है कि नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) के माध्यम से संयुक्त रूप से प्रवेश परीक्षा कराने के आसार बढ़ गए हैं। फिलहाल इविवि प्रशासन को अब एनटीए से प्रवेश परीक्षा की तारीखों की घोषणा होने और केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय से दिशा-निर्देश मिलने का इंतजार है।

विज्ञापन



इविवि ने सत्र 2021-22 के प्रवेश के लिए काफी पहले ही प्रवेश प्रकोष्ठ के निदेशक की नियुक्ति कर दी थी। प्रो. आईआर सिद्दीकी को निदेशक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। विश्वविद्यालय ने अपने स्तर से तैयारी कर रखी थी। केंद्र सरकार ने इस साल से एनटीए के माध्यम से संयुक्त रूप से प्रवेश परीक्षा कराने का निर्णय पहले ही ले लिया था, लेकिन कोविड संक्रमण तेजी से फैलने के कारण प्रक्रिया पूरी तरह से ठप हो गई। उधर, यूजीसी ने संयुक्त प्रवेश परीक्षा के लिए विश्वविद्यालयों से पाठ्यक्रमों का विवरण मांग लिया। इविवि प्रशासन की ओर से यूजीसी को यह विवरण भेज दिया गया है। इसके साथ ही प्रत्येक पाठ्यक्रम में सीटों की संख्या के बारे में भी जानकारी भेजी गई है।


हालांकि अभी यह तय नहीं हो सका है कि एनटीए केवल स्नातक की प्रवेश परीक्षा कराएगा या स्नातक के साथ परास्नातक की प्रवेश परीक्षा भी आयोजित करेगा। जानकारों का मानना है कि एनटीए केवल स्नातक की प्रवेश परीक्षा करा सकता है, जबकि परास्नातक में प्रवेश के लिए इविवि प्रशासन को अपने स्तर से परीक्षा का आयोजन कराना पड़ सकता है। प्रवेश प्रक्रिया के मसले पर सोमवार को केंद्रीय शिक्षा मंत्री की कुलपतियों के साथ ऑनलाइन बैठक भी प्रस्तावित थी, लेकिन किन्हीं कारणों से बैठक नहीं हो सकी। इविवि की पीआरओ डॉ. जया कपूर का कहना है कि यूजीसी ने विश्वविद्यालय में पढ़ाए जाने वाले विषयों की सूचना मांगी थी। एनटीए की ओर से संयुक्त प्रवेश परीक्षा के माध्यम से प्रवेश प्रक्रिया पूरी की जानी है। प्रवेश परीक्षा की तारीख के बारे में अभी कोई निर्णय नहीं लिया गया है।

नए सत्र की प्रवेश प्रक्रिया तत्काल शुरू करने की मांग

प्रयागराज। छात्र संघ बहाली की मांग को लेकर संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले इलाहाबाद विश्वविद्यालय में 307 दिनों से आंदोलन कर रहे छात्रों ने नए सत्र की प्रवेश प्रक्रिया तत्काल शुरू करने की मांग की है। छात्र नेताओं ने कहा कि प्रयागराज में कोविड-19 महामारी की रिकवरी 85 फीसदी हो गई है, लेकिन इविवि प्रशासन कोविड का हवाला देकर प्रवेश परीक्षा को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा। पिछले साल भी कोविड के कारण सत्र पिछड़ गया था और इस साल भी प्रवेश प्रक्रिया में विलंब के कारण सत्र फिर प्रभावित होगा। ऐसा हुआ तो इसकी जिम्मेदारी इविवि प्रशासन की होगी। मांग की गई कि इविवि प्रशासन तत्काल प्रभाव से प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू करे। इस मौके पर छात्र नेता अजय यादव सम्राट, राहुल पटेल, नवनीत यादव, अभिषेक यादव, अजय राज त्रिपाठी, मोहम्मद सलमान, अरविंद यादव, आशीष आर्या आदि मौजूद रहे।

विज्ञापन
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें