इलाहाबाद विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को आगामी सत्र से बीमा लाभ मिलने की उम्मीद जगी है। इसके लिए बीमा कंपनी से वार्ता हो चुकी है। इसका प्रारूप भी तैयार हो चुका है। बस कार्यपरिषद की मंजूरी का इंतजार है। इसके तहत छात्र-छात्राओं को 50 हजार रुपये का बीमा लाभ मिलेगा। हालांकि इसके लिए उन्हें 108 रुपये प्रीमियम के रूप में जमा करने होंगे। यह राशि विद्यार्थियों से दाखिला के समय जमा होने वाली फीस के साथ ली जाएगी।
विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं का बीमा कराने की मांग लंबे समय से हो रही है। एक छात्र की गोली लगने से मौत, बीटेक छात्रा पर पेट्रोल डालकर आग लगाने जैसी घटनाओं के बाद यह मांग और तेज हो गई। इन घटनाओं के बाद विश्वविद्यालय के कई शिक्षक और अफसर भी विद्यार्थियों के पक्ष में खड़े हो गए। अब यह मांग पूरी होती दिख रही है। बीमा कंपनी से करार हो गया है।
विश्वविद्यालय प्रशासन के समक्ष प्रति छात्र 80 रुपये वार्षिक प्रीमियम पर 25 हजार रुपये बीमा लाभ का भी विकल्प था लेकिन अफसरों ने 50 हजार रुपये का बीमा कराने का निर्णय लिया। इसके लिए 108 रुपये प्रीमियम देना होगा। कार्यपरिषद की आगामी बैठक में इसे रखा जाएगा। डीएसडब्ल्यू प्रोफेसर जगदम्बा सिंह ने बताया कि आगामी सत्र से विद्यार्थियों का बीमा कराया जाएगा। प्रीमियम की राशि फीस के साथ ली जाएगी।