प्रयागराज। इविवि में वर्तमान में भले ही छात्रसंघ अस्तित्व में नहीं हैं, लेकिन स्वतंत्रता दिवस पर छात्रसंघ भवन में फिर चहल-पहल दिखेगी और ध्वजारोहण होगा। परीक्षाओं के विरोध में पांच सूत्रीय मांगों को लेकर कई दिनों से क्रमिक अनशन पर बैठे छात्रों की मांग पर इविवि प्रशासन ने ध्वजारोहण के लिए छात्रसंघ भवन का ताला खोल दिया है।
पिछले साल इविवि में छात्रसंघ को समाप्त कर छात्र परिषद के गठन का निर्णय लिया गया था, जिसका छात्रों ने पुरजोर विरोध किया था। नतीजा कि विवि में छात्र परिषद का गठन नहीं हो सका, लेकिन अब तक छात्रसंघ की बहाली भी नहीं हो सकी है। ऐसे में छात्रसंघ भवन में अप्रैल 2019 से ताला लगा हुआ है। यह ताला इस साल गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में 26 जनवरी को खोला गया था, लेकिन इसके बाद बंद कर दिया गया। छात्रसंघ भवन पर क्रमिक अनशन पर बैठे छात्र मांग कर रहे थे कि स्वतंत्रता दिवस पर भी ताला खोला जाए। छात्रों की मांग पर शुक्रवार को छात्रसंघ भवन का ताला खुलवाकर वहां साफ-सफाई कराई गई।
छात्रों ने इविवि प्रशासन के इस कदम का स्वागत किया। छात्रों ने तय कि 15 अगस्त को सोशल डिस्टेंसिंग का पूरी तरह से पालन करते हुए छात्रसंघ भवन पर स्वतंत्रता दिवस मनाया जाएगा। अनशन स्थल पर शुक्रवार को पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष अदील हमजा ने अनशन स्थल पर आकर छात्रों के आंदोलन को अपना समर्थन दिया। साथ ही मांग की कि इविवि प्रशासन को अनशन स्थल पर आकर छात्रों से वार्ता करनी चाहिए। क्रमिक अनशन में छात्र नेता अजय यादव सम्राट, मोहम्मद सरताज, नवनीत यादव, मोहम्मद सलमान, हरेंद्र यादव, सुनील पटेल, आयुष प्रियदर्शी आदि मौजूद रहे।