यूनाइटेड कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड रिसर्च (यूसीईआर) नैनी की छात्रा पारुल श्रीवास्तव को गूगल आईटी सर्विसेज इंडिया प्राइवेट लिमिटेड में 50 लाख रुपये सालाना की नौकरी मिली है। 2026 बैच की एआईएमएल ब्रांच की छात्रा पारुल का चयन सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर हुआ है।
डीन, कॉर्पोरेट इंडस्ट्री रिलेशंस यूजीआई डॉ. दिव्या बरतरिया ने बताया कि फाइनल ऑफर मिलने से पहले पारुल को गूगल ने 23 जून से 12 सितंबर के लिए अपने प्रतिष्ठित गूगल इंटर्नशिप प्रोग्राम के लिए चुना था। उन्होंने कहा कि छात्रा की यह उपलब्धि न सिर्फ गर्व का विषय है बल्कि यूजीआई के प्लेसमेंट इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि भी है। पारुल ने इस उपलब्धि का श्रेय शिक्षकों के सतत मार्गदर्शन, माता-पिता के आशीर्वाद और कड़ी मेहनत को दिया है।
यूजीआई के प्रेसिडेंट डॉ. जगदीश गुलाटी, वाइस चेयरमैन डॉ. सतपाल गुलाटी, सीनियर वाइस प्रेसिडेंट गौरव गुलाटी, यूआईटी के प्राचार्य प्रो. संजय श्रीवास्तव, यूसीईआर के प्राचार्य डॉ. स्वप्निल श्रीवास्तव संग यूजीआई के अन्य कॉलेजों के प्राचार्यों ने शुभकामनाएं दी हैं।