फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रेलवे यूनियन चुनाव : इम्पलाइज संघ को मिले सर्वाधिक वोट, रेलवे मेंस यूनियन की हैट्रिक

Fri, 13 Dec 2024 05:27 PM IST
विनोद सिंह अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज

सार

खास बात यह है कि इम्पलाइज संघ को जहां दूसरी बार मान्यता मिली, वहीं मेंस यूनियन ने हैट्रिक बनाई। मेंस यूनियन को इसके पूर्व 2007 एवं 2013 के चुनाव में भी मान्यता मिली थी। हालांकि इस बार मान्यता के चुनाव में स्वतंत्र रेलवे बहुजन कर्मचारी यूनियन (एसआरबीकेयू) ने शानदार उपस्थिति दर्ज कराई।
विज्ञापन
उत्तर मध्य रेलवे कर्मचारी संघ। - फोटो : अमर उजाला।
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) जोन में हुए चुनाव में नार्थ सेंट्रल रेलवे इम्पलाइज संघ (एनसीआरईएस) और नार्थ सेंट्रल रेलवे मेंस यूनियन (एनसीआरएमयू) ने अपनी मान्यता बरकरार रखी है। इस चुनाव में इम्पलाइज संघ को जोन में सर्वाधिक 20510 मत मिले, जबकि दूसरे नंबर मेंस यूनियन को 19715 मत मिले। कुल पड़े मतों में से 35 फीसदी का आंकड़ा पार करने की वजह से इन दोनों ही यूनियनों को एक बार फिर से मान्यता मिल गई है।

खास बात यह है कि इम्पलाइज संघ को जहां दूसरी बार मान्यता मिली, वहीं मेंस यूनियन ने हैट्रिक बनाई। मेंस यूनियन को इसके पूर्व 2007 एवं 2013 के चुनाव में भी मान्यता मिली थी। हालांकि इस बार मान्यता के चुनाव में स्वतंत्र रेलवे बहुजन कर्मचारी यूनियन (एसआरबीकेयू) ने शानदार उपस्थिति दर्ज कराई। बहुजन कर्मचारी यूनियन 7691 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर रही।

विज्ञापन


यूनियन के इस प्रदर्शन पर तमाम रेलकर्मियों ने आश्चर्य भी जताया। उत्तर मध्य रेलवे कर्मचारी संघ (यूएमआरकेएस) का प्रदर्शन भी उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। इस संगठन को 4304 वोट मिले। जोन में सबसे खराब प्रदर्शन नार्थ सेंट्रल रेलवे कर्मचारी संघ (एनसीआरकेएस) का रहा, इस यूनियन को मात्र 382 वोट मिले।

बता दें कि रेल यूनियन मान्यता का चुनाव इस बार 11 वर्ष के इंतजार के बाद हुआ। 2013 में हुए चुनाव में एनसीआरईएस और एनसीआरएमयू को मान्यता मिली थी। उसके पूर्व 2007 के चुनाव में सिर्फ एनसीआरएमयू को ही मान्यता हासिल हो सकी थी। फिलहाल 2024 के चुनाव में यह दोनों ही यूनियन अपनी साख बचाने में कामयाब रहीं।

प्रयागराज, आगरा मंडल में मेंस तो झांसी और एनसीआर मुख्यालय में इम्पलाइज संघ आगे

रेलवे मेंस यूनियन की बात करें तो वह प्रयागराज एवं आगरा मंडल में अव्वल रही, जबकि इम्पलाइज संघ को झांसी मंडल में बड़ी बढ़त मिली। इम्पलाइज संघ एनसीआर मुख्यालय, सिथौली वर्कशॉप एवं झांसी वर्कशॉप में भी आगे रही। इसके पूर्व प्रयागराज स्थित डीआरएम ऑफिस, उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय, डीआरएम ऑफिस आगरा, सिथौली वर्कशॉप ग्वालियर, डीआरएम ऑफिस झांसी एवं वर्कशॉप झांसी में सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू हुई। सबसे पहले सिथौली वर्कशॉप का परिणाम जारी हुआ। इस चुनाव में कुल वोटों का 30 प्रतिशत या वैध मतों का 35 फीसदी वोट मिलने वाली यूनियन को ही मान्यता मिलती है।

जीत के जश्न में जमकर हुई आतिशबाजी, खूब झूमे रेलकर्मी

इम्पलाइज संघ और मेंस यूनियन को एक बार फिर से मान्यता मिलने के बाद दोनों संगठनों से जुड़े रेलकर्मियों ने खूब जश्न मनाया। डीआरएम ऑफिस और एनसीआर मुख्यालय में परिणाम घोषित होने के बाद रेलकर्मी अपनी-अपनी यूनियनों को मान्यता मिलने पर खूब झूमे। रेलकर्मियों ने आतिशबाजी की और मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया। इम्पलाइज संघ के केंद्रीय कार्यालय में चंदन सिंह, आलोक सहगल समेत सैकड़ों रेलकर्मियों ने महामंत्री आरपी सिंह को बधाई दी। वहीं मेंस यूनियन के महामंत्री आरडी यादव को डीएस यादव, नागेंद्र बहादुर सिंह, अरविंद पांडेय आदि ने बधाई दी। उधर, एनसीआर मुख्यालय में इम्पलाइज संघ के महामंत्री आरपी सिंह और मेंस यूनियन के महामंत्री आरडी यादव को पीसीपीओ ने जीत का प्रमाणपत्र सौंपा।
विज्ञापन

पुरानी पेंशन बहाली समेत कई मुद्दों को लेकर हम चुनाव में उतरे। उसे लेकर अब आगे लड़ाई लड़ी जाएगी। - आरपी सिंह, महामंत्री, इम्पलाइज संघ।

रेलकर्मियों से जुड़े तमाम मुद्दों को हम लेकर चले। कई का समाधान कराया, जिनका समाधान नहीं हुआ, वह अब हम कराएंगे। - आरडी यादव, महामंत्री, मेंस यूनियन


यूनियनों को कहां कितने मिले मत

मंडल का नाम : एनसीआरईएस : एनसीआरकेएस : एनसीआरएमयू : एसआरबीकेयू : यूएमआरकेएस

आगरा मंडल : 3321 : 16 : 3612 : 905 : 482

प्रयागराज मंडल : 8296 : 162 : 8361 : 5081 : 1957

झांसी मंडल : 6666 : 144 : 5774 : 1533 : 602

झांसी वर्कशॉप : 1526 : 50 : 1448 : 124 : 744

सिथौली वर्कशॉप : 120 : 01 : 115 : 01 : 06

एनसीआर मुख्यालय : 446 : 06 : 280 : 47 : 513

पोस्टल बैलेट : 135 : 03 : 125 : 36 : 57

यूनियनों को मिले मतों का ब्यौरा

एनसीआरईएस : 20510 (मान्यता मिली )

एनसीआरएमयू : 19715 ( मान्यता मिली)

एसआरबीकेयू : 7727

यूएमआरकेएस : 4361

एनसीआरकेएस : 382

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें