प्रदेश में गुंडाराज चरम पर है, प्रदेश सरकार अपराधियों एवं माफियाओं को संरक्षण दे रही है। जनता के रक्षा की जिम्मेदारी निभाने वाली पुलिस ही इस सरकार में सुरक्षित नहीं है। मथुरा में पहले एसपी एवं दरोगा की हत्या के बाद अब बीते दो दिनों में प्रदेश में दो दरोगाओं की हत्या इसका प्रमाण है कि पुलिस ही सुरक्षित नहीं है। यह बातें अपना दल की मिर्जापुर से सांसद अनुप्रिया पटेल ने शनिवार को इलाहाबाद में आयोजित अपना दल कार्यकर्ताओं की बैठक में व्यक्त किया।
कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान अनुप्रिया पटेल ने कहा कि सपा सरकार कौमी एकता दल के विलय को रद्द करके यह दिखाने की कोशिश कर रही है कि वह गुंडों के साथ नहीं है, जबकि सपा स्वयं में गुंडों की पार्टी है। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव अपने से कोई निर्णय नहीं ले पा रहे हैं। इस कारण से प्रदेश में अराजकता की स्थिति है। उन्होंने दो जुलाई को वाराणसी में होने वाली स्वाभिमान रैली के बारे में बताया कि इस रैली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह मुख्य अतिथि होंगे।
रैली में प्रदेश प्रभारी ओम माथुर एवं प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य विशिष्ट अतिथि होंगे। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी का भाजपा के साथ गठबंधन विधान सभा चुनाव में भी जारी रहेगा। कार्यकर्ता सम्मेलन का संचालन जिला महासचिव प्रीतम पटेल ने किया। इस मौके पर मीडिया प्रभारी दिनेश शुक्ल, प्रदेश सचिव डॉ.केके सिंह, डॉ. राजेश सिंह, सुरेश यादव, जवाहर लाल, रामजी, बृजेश पांडेय, मनोज तिवारी, श्यामराज, राजेश यादव, बृजेश पटेल, पारस नाथ, रामशीला पटेल, धर्मराज, मानिक चंद्र, बाबू लाल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। सम्मेलन में भारी संख्या कार्यकर्ता मौजूद रहे।