बनने लगे अस्थायी राशन कार्ड
महाकुंभ में आने वाले कल्पवासियों तथा श्रद्धालुओं को सरकारी दुकानों से सस्ते दर पर चावल, आटा और चीनी उपलब्ध कराया जाएगा। प्रति व्यक्ति तीन किग्रा आटा और दो किग्रा चावल उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं, एक कार्ड पर एक किग्रा चीनी दी जाएगी। चावल छह, आटा पांच तथा चीनी 18 रुपये प्रति किग्रा की दर से उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए कल्पवासियों तथा श्रद्धालुओं के अस्थायी राशन कार्ड बनाए जाएंगे। इसकी प्रक्रिया शनिवार को शुरू हो गई। राशन कार्ड मेला क्षेत्र में खुले अस्थायी दुकानों पर आवेदन करने वालों के सत्यापन तथा सर्वे के आधार पर बनाए जाएंगे। इसके लिए 93 लेखपाल लगाए गए हैं, जिन्हें प्रशिक्षण भी दिया जा चुका है।
खाड़ों, संस्थाओं को दिए जाएंगे परमिट
अखाड़ों तथा संस्थाओं को अधिक राशन की जरूरत होगी। इसलिए इन्हें परमिट जारी किया जाएगा। इसकी प्रक्रिया 10 जनवरी से शुरू करने की तैयारी है। परमिट संस्थाओं की मांग तथा उनके सत्यापन के बाद जारी किए जाएंगे।
बनेगा अस्थायी घरेलू गैस कनेक्शन
महाकुंभ में जरूरत के अनुसार अस्थायी घरेलू गैस कनेक्शन भी बनाए जाएंगे। इसके अलावा श्रद्धालु एवं कल्पवासी घर से लाए सिलिंडर में भी गैस भरवा सकेंगे। हालांकि, इसके लिए घरेलू कनेक्शन के साक्ष्य दिखाने होंगे। गैस सिलेंडर पांच, 14 और 19 किग्रा के मिलेंगे।
प्रमुख बिंदु
- 25 सेक्टरों में खुलेंगी राशन की 138 दुकानें
- 24 गैस एजेंसियां खोली गईं हैं
- 93 लेखपाल करेंगे सत्यापन एवं सर्वे