इलाहाबाद। सिविल लाइंस के हॉट स्टफ चौराहे पर मंगलवार रात लावारिस अटैची के चलते खलबली मच गई। कंट्रोल रूम से सूचना पाकर पहले लोकल पुलिस पहुंची फिर बीडीएस (बम डिस्पोजल स्कवॉयड) को बुलाया गया। कई थानों की पुलिस फोर्स ने घेराबंदी कर ली। अटैची खोलने पर उसमें तार दिखे तो पुलिसकर्मी सहम गए। सावधानी से जांच पर पता चला कि उसमें इलेक्ट्रानिक मीटर था। अनुमान है कि अटैची गल्ती से छूट गई।
मंगलवार रात करीब सात बजे बजे का वाकया है। सिविल लाइंस में हॉट स्टफ चौराहा स्थित किशोर कैफे के संचालक विमल किशोर ने बाहर एक अटैची रखी देखी। जब काफी देर तक कोई अटैची लेने नहीं आया तो विमल ने 100 नंबर पर कंट्रोल रूम में सूचना दी। खबर पाकर सिविल लाइंस थाने की पुलिस वहां पहुंची। पुलिसवालों ने डंडे से अटैची को हिलाया। वह गिरकर खुली तो उसमें तार दिखे।
यह देखते ही पुलिसवालों के होश फाख्ता हो गए। बम की आशंका थी ही, तार दिखे तो पुलिसकर्मी और आसपास मौजूद लोग घबराकर दूर भाग गए। फिर बारूद सूंघने में माहिर स्निफर डॉग और बीडीएस को बुलाया गया। बीडीएस दस्ते ने सावधानी के साथ अटैची की जांच की। इस दौरान लोग काफी दूर खड़े हो गए थे। मगर अटैची खोलने पर उसमें इलेक्ट्रानिक मीटर मिला। शक है कि कोई व्यक्ति या बिजली कर्मचारी काफी पीने आया तो यह अटैची भूलकर चला गया।