प्रयागराज एयरपोर्ट पर शनिवार अघोषित लॉकडाउन जैसी स्थिति नजर आई। यहां किसी भी विमान का आवागमन नहीं हुआ। पूरे दिन टर्मिनल पर सन्नाटा पसरा रहा। पिछले शनिवार तक यहां कम से कम अकासा एयर की मुंबई उड़ान संचालित हो रही थी लेकिन अब उस पर भी ब्रेक लग गया है। अकासा एयरलाइंस द्वारा अपनी इस नियमित उड़ान को अब केवल सोमवार को ही संचालित करने के फैसले के बाद शनिवार को प्रयागराज से हवाई संपर्क पूरी तरह कट गया है।
हवाई यात्रियों के लिए परेशानी की बात यह है कि एयरपोर्ट के वर्तमान समर शेड्यूल में उड़ानों की संख्या लगातार सिमटती जा रही है। नए टाइम टेबल के अनुसार, अब केवल रविवार का दिन ऐसा है जब सर्वाधिक छह उड़ानें संचालित हो रही हैं। वहीं, सप्ताह के बीच में स्थिति और भी खराब हो जाती है। बुधवार के दिन पूरे एयरपोर्ट से केवल दिल्ली के लिए एक ही उड़ान उपलब्ध है।
कुल मिलाकर, प्रयागराज एयरपोर्ट से अब पूरे सप्ताह भर में सिर्फ 22 उड़ानों का आगमन और इतनी ही संख्या में विमानों का प्रस्थान हो पा रहा है। उड़ानों के इस नए और बेहद सीमित शेड्यूल के कारण दिल्ली, मुंबई जैसे महानगरों की यात्रा करने वाले यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, और उन्हें मजबूरन लखनऊ या वाराणसी का रुख करना पड़ रहा है।
प्रयागराज एयरपोर्ट पर उड़ानाें की स्थिति
दिन : उपलब्ध फ्लाइट
सोमवार : दिल्ली, बंगलूरू (इंडिगो), मुंबई ( अकासा)
मंगलवार : भुवनेश्वर, दिल्ली, मुंबई, बंगलूरू ( इंडिगो )
बुधवार : दिल्ली ( इंडिगो)
बृहस्पतिवार : हैदराबाद, भुवनेश्वर, दिल्ली, मुंबई ( इंडिगो )
शुक्रवार : दिल्ली, मुंबई, बंगलूरू ( इंडिगो ), दिल्ली ( एलाइंस एयर)
शनिवार : कोई फ्लाइट नहीं
रविवार : हैदराबाद, भुवनेश्वर, दिल्ली, मुंबई, बंगलूरू ( इंडिगो ), बिलासपुर ( एलाइंस एयर)