नौकरी छूटने से परेशान युवक ने कमरे में फंदे से लटककर जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया गया कि युवक प्राइवेट गार्ड का काम करता था। नौकरी छूटने की वजह से परेशान था। तीन महीने से उसे काम नहीं मिल रहा था। जिस वजह से उसने आत्मघाती कदम उठाया।
फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के झझरी गांव निवासी राजेश कुमार यादव (34) शहर में प्राइवेट गार्ड का काम करता था लेकिन तीन महीने से नौकरी छूटने के कारण वह तनाव में था। परिजनों के मुताबिक मंगलवार देर रात करीब दो बजे राजेश उठकर गाय को चारा देने गया और वापस कमरे में आकर पत्नी व बच्चों के साथ लेट गया।
करीब तीन बजे उनकी पत्नी की नींद खुली तो राजेश पंखे के सहारे फंदे से लटका था। उसकी चीख सुनकर घर के लोग दौड़े और आननफानन उन्हें नीचे उतारा लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। मृतक चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था। उसके दो छोटे बच्चे भी हैं। घटना के बाद से पत्नी सहित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
इफको पुलिस चौकी इंचार्ज सूर्य प्रकाश सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसआरएन भेज दिया।