कुछ दिन पहले पुलिस को सद्दाम की लोकेशन दिल्ली में मिली तो तुरंत एक टीम भेज दी गई। पुलिस सूत्रों के मुताबिक सद्दाम पिछले हफ्ते दुबई से दिल्ली आ गया है। उधर उसकी बहन जैनब की लोकेशन भी दिल्ली के एक मॉल में मिली थी। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि सद्दाम और जैनब दिल्ली में साथ में ही हैं। अगर दोनों में से कोई एक मिलता है तो पुलिस को दूसरा आरोपी भी मिल जाएगा। प्रयागराज पुलिस के साथ साथ ही बरेली पुलिस और एसटीएफ भी सद्दाम और जैनब की खोजबीन में लगी है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि जल्द ही बड़ी खबर दी जाएगी।
मॉल की सीसीटीवी फुटेज जब्त की गई, जांच जारी
दिल्ली के जिस मॉल में जैनब के दिखने की बात सामने आई थी, उसके सीसीटीवी फुटेज को पुलिस ने जब्त कर लिया है। सूत्रों का कहना है कि इसी मॉल में ही सद्दाम ने अपनी बहन जैनब से भी मुलाकात की। लेकिन इस बात की पुष्टि अभी नहीं हो पाई है। फुटेज की जांच पूरी होने के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा।
अशरफ के लिए सद्दाम प्रदेश भर में करता था वसूलीअशरफ के बरेली जेल में ट्रांसफर के बाद उसके साले सद्दाम ने बरेली को ही अपना ठिकाना बना लिया था। वह वहीं एक मकान लेकर रहने लगा था। अशरफ के लिए उसने जेल के तमाम अफसरों और कर्मचारियों से सेटिंग की। अशरफ को सद्दाम की वजह से जेल में हर वो सुविधा मिली जो सिर्फ घर में मिल सकती है। उससे मिलने जो भी जाता, वह घंटों अशरफ के साथ रहता था। जेल में अशरफ लगातार मोबाइल से लोगों से बात करता था। सद्दाम अशरफ के लिए प्रदेश भर में वसूली करता था।
11 फरवरी को सारे शूटरों को ले गया था बरेली जेल
सद्दाम इतना शातिर है कि वह उमेश पाल की हत्या से पहले ही दुबई भाग निकला था। हत्या के लिए सबसे बड़ी साजिश 11 फरवरी को रची गई थी। उसी दिन असद, गुड्डू मुस्लिम, गुलाम, साबिर, अरमान, विजय उर्फ उस्मान आदि शूटर बरेली जेल पहुंचे थे। उनके जेल में अशरफ से मिलने से लेकर बाहर ठहरने और खाने पीने की व्यवस्था सद्दाम ने ही कराई थी।