शाइस्ता पर है 50 हजार का इनाम
शाइस्ता पर 50 हजार का इनाम है और अप्रैल में जैनब व आयशा पर 25-25 हजार का इनाम घोषित हुआ था। सूत्रों के मुताबिक, ऐसे में अब पुलिस उन पर शिकंजा कसने की तैयारी में है। उन पर इनाम की राशि बढ़ाकर जल्द ही 50-50 हजार की जा सकती है। जैनब हटवा की रहने वाली है और उमेश पाल की हत्या के बाद कुछ दिनों तक शहर में ही रही। अतीक-अशरफ को साबरमती व बरेली जेल से पेशी पर प्रयागराज लाए जाने के दौरान भी वह देखी गई। हालांकि, इसके बाद अचानक से वह गायब हो गई। यही हाल मेरठ की रहने वाली आयशा नूरी का रहा।
शाइस्ता पर बढ़ सकती है इनाम की राशि
आयशा नूरी व जैनब के सात ही अब शाइस्ता परवीन पर इनाम बढ़वाने की कार्रवाई भी हो सकती है। अभी उस पर 50 हजार का इनाम घोषित है। हालांकि, अब तक उसका कुछ अता-पता नहीं चल सका है। दिल्ली में उसके छिपे होने की सूचना पर पुलिस की टीमें एक बार फिर से हरकत में आ गई हैं।
शाइस्ता और उसके बेटों पर दर्ज है मुकदमा
उमेश पाल हत्याकांड में शाइस्ता परवीन सहित उसके बेटों अली, उमर और असद पर मुकदमा दर्ज है। सभी पर हत्यारों से मिलने और साजिश रचने का आरोप है। घटना के बाद से ही शाइस्ता फरार चल रही है। असद अहमद सीसीटीवी में गोली चलाते हुए नजर आया था। पुलिस एनकाउंर में उसे ढेर किया जा चुका है। दो बेटे उमर और अली जेल में बंद हैं। दोनों पर हत्याकांड में साजिश रचने का आरोप है।
शाइस्ता की तलाश में पुलिस की टीमों ने दिल्ली में डाला डेरा
माफिया अतीक अहमद की पत्नी और 50 हजार की इनामी शाइस्ता परवीन की तलाश में पुलिस की टीमों ने दिल्ली में डेरा डाल दिया है। पुलिस और एसटीएफ की कई टीमें स्टेशनों पर लगे सीसीटीवी के माध्यम से माफिया की पत्नी की खोजबीन में जुट गई हैं। संभावना जताई जा रही है कि शाइस्ता ने अपना ठिकाना बदल दिया होगा। अतीक के भांजे जका अहमद के खुलासे के के बाद पुलिस की टीमें शाइस्ता परवीन, जैनब और आयशा नूरी की तलाश में फिर से जुट गई हैं।