prayagraj news : संगम तट पर आयोजित गंगा समग्र समागम में हिस्सा लेने पहुंचीं पूर्व केंद्रीय मंत्री उमा भारती।
- फोटो : prayagraj
गंगा समग्र की ओर से आयोजित दो दिवसीय बैठक में शामिल होने प्रयागराज आए संघ प्रमुख मोहन भागवत से मिलने शनिवार की सुबह पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा की वरिष्ठ नेता उमा भारती झूंसी स्थित संघ कार्यालय पहुंचीं। संघ प्रमुख मोहन भागवत और उमा भारती के बीच तकरीबन दस मिनट वार्ता हुई। इसके बाद संघ प्रमुख तकरीबन पौने नौ बजे झूंसी स्थित संघ कार्यालय से गंगा समग्र बैठक में शामिल होने को यहां से निकले। दोपहर सवा बजे बैठक से लौटकर तकरीबन दो घंटे संघ कार्यालय में विश्राम करने के बाद सवा तीन बजे उनका काफिला बम्हरौली स्थित एयरपोर्ट के लिए रवाना हो गया।
माघ मेले में स्थित विश्व हिन्दू परिषद् के शिविर में गंगा समग्र बैठक में शामिल होने के लिए शुक्रवार की दोपहर संघ प्रमुख मोहन भागवत प्रयागराज आए थे। संघ प्रमुख झूंसी स्थित संघ कार्यालय में ठहरे थे। शुक्रवार की देर शाम गंगा आरती और बड़े हनुमान जी का दर्शन करने के बाद साढ़े आठ बजे संघ प्रमुख झूंसी स्थित संघ कार्यालय पहुंच गए थे।