जिले में सोमवार से तीन दिनों तक के लिए अल्ट्रासाउंड सेंटरों पर जांच नहीं की जाएगी। सिविल लाइंस स्थित एक अल्ट्रासाउंड केंद्र को सील करने के विरोध में इलाहाबाद मेडिकल एसोसिएशन (एएमए) के पदाधिकारियों ने इसकी घोषणा शनिवार को प्रेस क्लब में की। उन्होंने इस संबंध मेें डीएम और सीएमओ को ज्ञापन भी सौंपा।
एएमए अध्यक्ष डॉ. राधा रानी घोष ने बताया कि महिला दिवस पर प्रशासन ने सिविल लाइंस स्थित ब्रेस्ट इमैजिंग एवं अल्ट्रासाउंड सेंटर का निरीक्षण कर उसे सील कर दिया था, जो कि गलत है। निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों ने कहा था कि सेंटर की संचालिका डॉ. माध्वी मित्तल के आने पर सभी दस्तावेज उपलब्ध करा दिए जाएंगे, लेकिन अफसर नहीं माने। डॉ. राधा ने कहा कि महिला दिवस के मौके पर ही अफसरों ने शहर की प्रथम महिला रेडियोलॉजिस्ट का अल्ट्रासाउंड सेंटर सील कर उनका उत्पीड़न किया है। चेतावनी दी कि अगर प्रशासन अल्ट्रासाउंड सेंटर की सील को जल्द ही नहीं खोलता तो चिकित्सकीय सेवाएं ठप की जाएंगी। कहा, प्रथम चरण में 16 से 18 मार्च तक शहर के सभी अल्ट्रासाउंड सेंटरों पर जांच नहीं की जाएगी। तीन दिनों के आंदोलन के बाद फिर बैठक होगी तब आगे की रणनीति तय की जाएगी।