माता वैष्णो देवी के लिए ट्रेन।
- फोटो : फाइल
गर्मी की छुट्टियों में मां वैष्णो देवी के दर्शन के लिए जाने वाले लोगों की राह आसान करने के लिए रेलवे प्रशासन एक बार फिर से उधमपुर स्पेशल चलाने जा रहा है। इस ट्रेन का संचालन तीन मार्च से लेकर 30 जून तक सप्ताह में दो दिन होगा। सूबेदारगंज से यह ट्रेन सोमवार एवं शुक्रवार को और उधमपुर से प्रत्येक मंगलवार एवं शनिवार चार मार्च से एक जुलाई तक चलेगी।
उत्तर मध्य रेलवे प्रशासन ने रविवार को उधमपुर सुपरफास्ट ट्रेन की समय सारिणी भी जारी कर दी है। सूबेदारगंज से गाड़ी संख्या 04141 शाम 4.05 बजे ट्रेन रवाना होगी जो अगले दिन सुबह 11.20-11.30 बजे जम्मूतवी एवं दोपहर 12.40 बजे उधमपुर पहुंच जाएगी। इसी तरह उधमपुर से 04142 दोपहर 3.40 बजे चलकर शाम 4.35-4.40 बजे जम्मू एवं अगले दिन दोपहर 12.55 बजे सूबेदारगंज पहुंच जाएगी।
इसका फतेहपुर, कानपुर सेंट्रल, इटावा, टूंडला, अलीगढ़, खुर्जा, बुलंदशहर, हापुड़, मेरठ सिटी, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, अंबाला कैंट, लुधियाना, जालंधर कैंट, पठानकोट में भी ठहराव रहेगा। 19 कोच की इस ट्रेन में स्लीपर के चार, एसी थ्री के छह, एसी इकोनॉमी और एसी टू के दो-दो, सामान्य श्रेणी के तीन एवं एसएलआर, एसएलआरडी श्रेणी का एक-एक कोच रहेगा।