यूपी बोर्ड हाईस्कूल की विज्ञान और इंटरमीडिएट की जीव विज्ञान एवं गणित की शनिवार को परीक्षा होनी है। नकल के मामले लगातार सामने आने के बाद अब इन प्रमुख विषयों की परीक्षाओं के संचालन पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। मुख्य सचिव से निर्देश मिलने के बाद शिक्षा विभाग ने शनिवार को होने वाली परीक्षा के दौरान प्रत्येक केंद्र पर पांच-पांच अतिरिक्त कक्ष निरीक्षकों की तैनाती का निर्णय लिया है।
वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये मुख्य सचिव ने जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देश एि हैं कि यूपी बोर्ड की परीक्षा को सकुशल एवं निर्विघ्न रूप से संपन्न कराया जाए। यह निर्देश मिलने के बाद जिला विद्यालय निरीक्षक ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से प्रत्येक केंद्र के लिए पांच-पांच अतिरिक्त कक्ष निरीक्षकों को तैनात किए जाने का अनुरोध किया है और अब बीएसए ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी करते हुए कहा है कि 29 फरवरी को पहली पाली में होने वाली हाईस्कूल संस्कृत और दूसरी पाली में इंटरमीडिएट जीव विज्ञान एवं गणित की परीक्षा के दौरान प्रत्येक केंद्र में पांच-पांच अतिरिक्त कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी लगा दी जाए। साथ ही यह कहा है कि पूर्व में जिन शिक्षकों की ड्यूटी कक्ष निरीक्षक के रूप में लगाई गई है, उनकी उपस्थिति भी सुनिश्चित की जाएद्घ।
परीक्षा से पहले पेपर वायरल हुआ तो कार्रवाई
माध्यमिक शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव ने सार्वजनिक सूचना जारी की है कि यूपी बोर्ड की परीक्षा के दौरान किसी विषय की परीक्षा समाप्त होने से पूर्व उस विषय का कोई प्रश्नपत्र या उसकी हल व्हाट्सएप या अन्य सोशल मीडिया पर वायरल किया जाता है तो ऐसा करने वाले के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रमुख सचिव का कहना है कि ऐसा करना गैर जमानती अपराध है। अगर कोई इस प्रकार के कृत्य की सूचना जनहित में डीएम, एसएसपी, डीआईओएस, सचिव को देता है तो उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी।
दस फीसदी ने छोड़ी हाईस्कूल संस्कृत की परीक्षा
यूपी बोर्ड हाईस्कूल संस्कृत की शुक्रवार को पहली पाली में हुई परीक्षा 10.84 फीसदी परीक्षार्थियों ने छोड़ दी। वहीं, दूसरी पाली में हुई इंटरमीडिएट इतिहास की परीक्षा में 93 फीसदी उपस्थिति रही। हाईस्कूल संस्कृत की परीक्षा के लिए जिले में 52889 परीक्षार्थी पंजीकृत थे और इनमें से 5738 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। वहीं, दूसरी पाली में हुई इंटरमीडिएट इतिहास की परीक्षा के लिए 16240 परीक्षार्थी पंजीकृत थे और इनमें से 1062 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे।