इलाहाबाद। एसटीएफ ने कीडगंज पुलिस की मदद से दो लोगों को गिरफ्तार कर पांच लाख रुपये के जाली नोट बरामद किए हैं। पकड़े गए लोगों में एक व्यक्ति पश्चिम बंगाल और दूसरा आजमगढ़ का रहने वाला है। उनके पास बरामद रकम में एक हजार और पांच सौ रुपये के जाली नोट हैं। पुलिस का कहना है कि इन दोनों से पूछताछ कर इलाहाबाद समेत पूर्वांचल के जिलों में नकली नोटों के नेटवर्क को खंगाला जा रहा है।
एसटीएफ इलाहाबाद को कुछ समय पहले भनक लगी कि पश्चिम बंगाल से नकली नोट लाकर यूपी समेत पूर्वांचल के वाराणसी, आजमगढ़, बलिया समेत कई जिलों में खपाए जा रहे हैं। एसटीएफ सीओ प्रवीण सिंह चौहान के नेतृत्व में इलेक्टानिक सर्विलांस के जरिए निगरानी की जा रही थी तभी शुक्रवार शाम खबर मिली कि नकली नोटों की खेप लेकर दो लोग बैरहना रेलवे क्रासिंग की तरफ आने वाले हैं। इस पर एसटीएफ के सब इंस्पेक्टर अजय सिंह, अतुल कुमार सिंह, श्रीनिवास यादव केसी राय, हेडकांस्टेबल मोअज्जम अली खां, रवि वर्मा, प्रभंजन पांडेय ने कीडगंज थाने की पुलिस के साथ वहां घेराबंदी कर ली।
कुछ देर बाद परेड मैदान की तरफ से बाइक पर दो लोग रेलवे क्रासिंग की तरफ आते दिखे। पुलिस टीम ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो वे भागने लगे। किसी तरह घेरकर उन्हें पकड़ने के बाद तलाशी ली गई तो उनके पास बैग में नोटों की गड्डियां, चार मोबाइल फोन, पैन, एटीएम कार्ड आदि मिले। बाइक और बैग समेत उन दोनों को कीडगंज थाने ले जाकर नोटों को चेक किया गया तो पता चला कि वे जाली हैं।
एसएसपी केएस इमैनुएल ने बताया कि गिरफ्तार लोगों में पश्चिम बंगाल के मालदा जिले का मोहम्मद हमीदुर शेख उर्फ हमीद और आजमगढ़ के अहरौला इलाके के भंवरूपर गांव का अजीत राय उर्फ सुड्डू है। उनके पास पांच लाख रुपये के नकली नोट मिले। इनमें हजार रुपये के दो सौ नोट यानी दो लाख रुपये और पांच सौ रुपये के 600 नोट यानी तीन लाख रुपये है। बरामद बिना नंबर की बाइक के बारे में अजीत ने बताया कि उसे वाराणसी से इलाहाबाद आने पर अपने एक रिश्तेदार से मांग ली थी। एसपी सिटी राजेश यादव के मुताबिक, नकली नोटों की यह खेप करछना इलाके में रहने वाले प्रधान नामक व्यक्ति ने मंगाई थी। वह पहले भी नकली नोट मंगाकर खपा चुका है। उसने ही अजीत राय को बार-बार फोन किया तो उसने पश्चिम बंगाल में हमीद से संपर्क कर नोट मंगाए। हमीद लंबे समय से पूर्वांचल में नकली नोटों की खेप पहुंचाता रहा है। पिछले महीने एसटीएफ ने उतरांव इलाके में नकली नोटों की खेप के साथ दो लोगों को दबोचा था। तब भी हमीद का ही नाम जाली नोटों के कैरियर के तौर पर आया था।
37 हजार असली पर एक लाख जाली नोट
इलाहाबाद(ब्यूरो)। एसटीफ के सीओ प्रवीण सिंह चौहान ने बताया कि पाकिस्तान से नेपाल के जरिए नकली नोटों की खेप पश्चिम बंगाल के मालदा समेत दूसरे सीमावर्ती जिलों में आती है। फिर वहां से देश भर में नकली नोटों के खरीदारों तक सप्लाई होती है। हमीद ने बताया कि 37 हजार रुपये के असली नोटों के बदले में एक लाख के जाली नोट दिए जाते हैं। अब जाली नोट मंगाने वाले को पहले धंधेबाज के खाते में रकम जमा करनी होती है। फिर पश्चिम बंगाल से नकली नोट की खेप भेजी जाती है। हमीद ने बताया कि उसे अली नाम का व्यक्ति नकली नोट देता है।