हथिगवां थाना क्षेत्र में जाली नोट के साथ गिरफ्तार आरोपी।
- फोटो : PRATAPGARH
हथिगवां पुलिस ने कुंडा क्षेत्र में साठ हजार के नकली नोटों के साथ दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से सौ-सौ के चार सौ और पचास के चार सौ नकली नोट बरामद हुए। नकली नोटों को कुंडा इलाके में खपाने की तैयारी थी। पकड़े गए दोनों युवक प्रयागराज के नवाबगंज के रहने वाले हैं।
हथिगवां थानाध्यक्ष उदय त्रिपाठी ने बताया कि शनिवार को संदिग्ध अवस्था में जहानाबाद ओवरब्रिज के करीब एक व्यक्ति को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान पकड़े गए अनुज तिवारी पुत्र वेदप्रकाश निवासी कमालापुर निवासी नवाबगंज जनपद प्रयागराज के पास से सौ-सौ रुपये के चार सौ नकली नोट मिले। पूछताछ में उसने बताया कि उसके गांव के अनुभव त्रिपाठी पुत्र गणेश प्रसाद त्रिपाठी ने यह रुपये बाजार में खपाने के लिए दिए थे। वह कुंडा में किराए के मकान में रहता है।
उसे लेकर पुलिस कुंडा के तिलौरी नहर सद्दू का पुरवा पहुंची। जहां से अनुभव को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 50-50 रुपये के चार सौ नकली नोट व मोबाइल बरामद हुआ। दोनों ने पूछताछ में बताया कि नकली नोट उन्हें बिहार से आए एक युवक ने उपलब्ध कराए थे। पुलिस ने अनुज व अनुभव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दोनों को जेल भेज दिया।