कस्बा में शनिवार दोपहर तीन बजे एक बाइक पर सवार होकर दुकान जा रहे दो सगे भाई सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से हाईवे किनारे डिवाइडर पर गिर पड़े। दोनों भाइयों को गंभीर चोटें आईं। छोटे भाई के सिर व शरीर में चोट लगने से वह बेसुध हो गया।
दोनों को सीएचसी उपरदहां हंडिया ले जाया गया। जहां डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर घटना स्थल पर पुलिस पहुंची गई। पुलिस दूसरे बाइक सवार की तलाश में जुटी है।
हंडिया कस्बा के वार्ड 12/13 निवासी नियाज अहमद के बेटे मुस्तकीम (25) व आबिद (23) कर्मनाशा मोहल्ले में गाड़ियों की डेंटिंग-पेंटिंग की दुकान चलाते थे। दोनों भाई बाइक से घर खाना खाने आए थे। दुकान जाते समय कस्बे में ही सामने से आ रही बाइक उनकी बाइक से भिड़ गई। भिड़ंत के बाद दूसरा बाइक सवार मौके से भाग निकला।
पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल भेजा। जहां आबिद की मौत हो गई। हादसे के बाद से आबिद की पत्नी सोफिया व मां फिरोजा बेगम का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक को तीन माह की एक बेटी आरीदा है।
पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाल नितेंद्र कुमार शुक्ला ने कहा कि एफआईआर दर्ज कर दूसरे बाइक सवार की तलाश की जा रही है।