यूपी बोर्ड की परीक्षाओं के दौरान केंद्रों से 200 मीटर की परिधि में स्थित फोटो कॉपी की सभी दुकानें बंद रहेंगी। साथ ही परीक्षा केंद्रों में मोबाइल, पेजर, कैलकुलेटर सहित किसी भी तरह की इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस प्रतिबंधित रहेगी। परीक्षा की निगरानी के लिए डीएम भवनाथ सिंह ने जिले को 73 सेक्टरों में बांट दिया है और प्रत्येक सेक्टर में एक-एक मजिस्ट्रेट की नियुक्ति कर दी गई है। साथ ही संवेदनशील और अतिसंवेदनशील केंद्रों की निगरानी बढ़ा दी गई है।
बोर्ड परीक्षा के मद्देनजर इलाहाबाद जिले में 102 परीक्षा केंद्रों को संवेदनशील और छह केंद्रों को अतिसंवेदनशील घोषित किया गया है। इन केंद्रों पर निगरानी की अतिरिक्त व्यवस्था की गई है। इसके अलावा जिला स्तर पर आठ और मंडल स्तर पर चार उड़न दस्तों का गठन किया गया है। उड़न दस्ते केंद्रों पर लगातार भ्रमण करने रहेंगे। नकल पर लगाम कसने के लिए जिला प्रशासन की तरफ से धारा-144 लागू कर दी गई है और जिले को 73 सेक्टरों में बांटा गया है।
प्रत्येक सेक्टर पर एक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है, जिनमें एसडीएम, अधिशासी अभियंता, बीडीओ सहित तमाम जिला स्तरीय अधिकारी शामिल हैं। इनमें से 12 सेक्टर शहर, 35 सेक्टर गंगापार और 26 सेक्टर यमुनापार में बनाए गए हैं। इसके अलावा एडीएम फाइनेंस को यमुनापार, एडीएम सिटी को शहर और एडीएम प्रशासन को गंगापार का प्रभार सौंपा गया है। डीएम की तरफ से आदेश जारी कर दिए गए हैं कि परीक्षा के दौरान केंद्रों से 200 मीटर की परिधि में फोटो कॉपी की कोई दुकान नहीं खुलेगी। अगर आदेश का उल्लंघन हुआ तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।