उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज मंडल ने ट्रैक पर गैस सिलिंडर, पेट्रोमैक्स आदि मिलने के बाद से निगरानी बढ़ा दी है। प्रयागराज-कानपुर, प्रयागराज-मानिकपुर, प्रयागराज-पंडित दीन दयाल उपाध्याय रेलखंड किनारे गांवों व कस्बों में रहने वाले तकरीबन दो दर्जन लोगों को आरपीएफ ने चिह्नित किया है। इस बीच तीन दिन पूर्व चित्रकूट के मानिकपुर-कटियाडांडी रेलखंड पर पटरी किनारे एक खाली गैस सिलिंडर के मिलने पर आरपीएफ ने अपनी प्रारंभिक जांच कर ली है।
तीन दिन पूर्व ही 12362 आसनसोल एक्सप्रेस के लोको पॉयलट ने चित्रकूट जिला स्थित कटियाडांडी के स्टेशन मास्टर को अवगत कराया था कि किमी संख्या 1283/22-24 पर डाउन ट्रैक पर एक सिलिंडर देखा गया है। काले रंग के मार्कर से उसमें श्याम लाल लिखा पाया गया। सिलिंडर खाली था। ट्रैक के आसपास कोई बस्ती व आम रास्ता नहीं पाया गया। इसलिए यह निष्कर्ष निकाला गया है कि यह सिलिंडर किसी ट्रेन से अज्ञात व्यक्ति ने फेंका होगा।
वहीं, इसके पूर्व जिवनाथपुर, कानपुर के प्रेमपुर स्टेशन के निकट भी रेल ट्रैक पर खाली सिलिंडर आदि पाए जा चुके हैं। फिलहाल, इन सभी मामलों में आरपीएफ ने मुकदमा दर्ज कर अपनी जांच शुरू की है। इस बारे में प्रयागराज मंडल के पीआरओ अमित कुमार सिंह का कहना है कि सभी मामलों में जांच चल रही है। ब्यूरो