सड़क हादसों में दो की मौत
बेटी व बहन के घर पहुंचाने गए थे सकठ, कड़ा और कोखराज इलाके में हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
मंझनपुर/कड़ा। बेटी व बहन के घर सकठ पहुंचाने जा रहे दो लोगों की सड़क हादसे में हौत हो गई। एक हादसा कड़ा कोतवाली इलाके और दूसरा कोखराज इलाके में हुआ। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
कोखराज कोतवाली क्षेत्र के मितुवापुर निवासी मोने लाल (46) पुत्र जगदेव की बेटी पूनेमऊ में ब्याही है। रविवार को मोने लाल बाइक से बेटी के यहां सकठ पहुंचाने गया था। सिहोरी टोल प्लाजा के समीप बेकाबू ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे जख्मी मोनेलाल को जिला अस्पताल लाया गया। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद चालक ट्रक समेत भाग निकला है। कड़ा संवाददाता के मुताबिक फतेहपुर जिले के खागा कोतवाली क्षेत्र के टेकारी गांव निवासी अवधेश सिंह (44) पुत्र यशवंत सिंह की बहन सैनी कोतवाली के कोरियों गांव में ब्याही है। रविवार को अवधेश बहन के यहां सकठ पहुंचाने के लिए बाइक से जा रहा था। बाइक में अवधेश के साथ उसी के गांव का अनुज भी था। कड़ा कोतवाली के अलीपुर जीता के समीप सड़क के किनारे खड़े रोड रोलर में अवधेश की बाइक अनियंत्रित होकर टकरा गई। इससे अवधेश की मौके पर ही मौत हो गई। अनुज को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कड़ा धाम कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।