फतेहगंज पश्चिमी। भिटौरा रेलवे फाटक के पास बुधवार रात 11:30 बजे ट्रेन की चपेट में आने से दो अटेंडेंट की मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, ट्रेन संख्या 04014 (आनंद विहार से लोकहा बाजार) भिटौरा फाटक के पास खड़ी थी। इटावा जिले के थाना लवेदी के गांव नवादा निवासी दीपक चौहान (26) और रायबरेली जिले के थाना और गांव गुरबक्शगंज निवासी बिमलेश कुमार त्रिवेदी उर्फ साजन (28) इसी ट्रेन में अटेंडेंट के रूप में ड्यूटी करते थे। ट्रेन के रुकने पर दोनों नीचे उतरकर रेलवे पटरी पर खड़े हो गए।
इसी दौरान दोनों मुरादाबाद की ओर से आई 18104 अमृतसर-टाटानगर एक्सप्रेस की चपेट में आ गए। सूचना पर पहुंचे जीआरपी के दरोगा प्रदीप सैनी ने पंचनामा संबंधी कार्रवाई पूरी कराई। रेलवे व मृतकों के परिवार को सूचना दी। शवों को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेज दिया गया।