मालगाड़ी के डिब्बे में मिली बच्ची। सांकेतिक चित्र
- फोटो : अमर उजाला।
मनौरी रेलवे स्टेशन पर रविवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब दिल्ली-हावड़ा रेलमार्ग पर खड़ी एक मालगाड़ी के डिब्बे में ढाई साल की मासूम बच्ची अकेली खेलती मिली। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची जीआरपी ने बच्ची को सुरक्षित कब्जे में लेकर चाइल्ड लाइन टीम को सौंप दिया।
रविवार दोपहर करीब दो बजे मनौरी रेलवे स्टेशन पर एक मालगाड़ी आकर रुकी थी। स्थानीय लोगों ने इंजन के पास लगे एक डिब्बे का दरवाजा खुला देखा। अंदर झांकने पर करीब ढाई वर्ष की बच्ची अकेली खेलती मिली। लोगों ने तत्काल इसकी सूचना रेलवे पुलिस को दी। जीआरपी इंस्पेक्टर पवन दुबे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद उसे पुरामुफ्ती थाने ले जाया गया, जहां नए कपड़े पहनाकर भोजन और बिस्किट दिए गए।
पुलिस के मुताबिक बच्ची अपनी पहचान बताने की स्थिति में नहीं है। जीआरपी ने स्थानीय पुलिस की मदद से प्रयागराज की चाइल्ड लाइन टीम से संपर्क किया। चाइल्ड लाइन सुपरवाइजर सीमा पाल टीम के साथ पहुंचीं और बच्ची को अपने संरक्षण में ले लिया। जीआरपी इंस्पेक्टर पवन दुबे ने बताया कि अब मासूम के परिजनों का पता लगाया जा रहा है। मासूम मालगाड़ी के वैगन में कैसे पहुंची इसकी भी छानबीन की जा रही है।