मेजा में छह साल की मासूम से ट्यूशन टीचर ने अश्लील हरकत की। बच्ची ने घरवालों को आपबीती सुनाई तो वह स्तब्ध रह गए। पिता ने नामजद मुकदमा दर्ज कराया है। घटना के बाद से आरोपी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। बच्ची के पिता ने पुलिस को बताया कि उसकी बेटी कक्षा एक की छात्रा है। उसने बताया कि पड़ोस मेें ही सत्येंद्र पांडेय किराये पर रहता है, जो एनटीपीसी में अप्रेंटिसशिप कर रहा है। शाम को वह उसकी दोनों बच्चियों को ट्यूशन पढ़ाता था।
रोज की तरह दोनों बच्चियां छह दिसंबर को भी ट्यूशन पढ़ने गई थीं। इसी दौरान बड़ी बेटी बाथरूम गई। आरोप है कि तभी सत्येंद्र ने उसके साथ अश्लील हरकत की। यही नहीं, उसने बच्ची को यह भी कहा कि वह यह बात किसी को भी न बताए। पिता ने बताया कि उस रात बच्ची ने घर आकर खाना नहीं खाया। सुबह स्कूल जाने से भी मना करने लगी तो मां ने डांटकर स्कूल भेज दिया। अगले दिन यानी आठ दिसंबर को स्कूल से आने बाद बच्ची ने दोबारा खाना खाने से मना किया तो मां ने उसे पास बैठाकर इसकी वजह पूछी।