बरेली यार्ड में नॉन इंटरलॉकिंग के कार्य होने के कारण इलाहाबाद से जुड़ी त्रिवेणी एक्सप्रेस और प्रयाग-बरेली एक्सप्रेस तीन दिन नहीं चलेंगी। इसके कारण मकर संक्रांति पर्व पर संगम स्नान की मंशा लेकर संगम नगरी आने वाले यात्रियों को भारी मुसीबत का सामना करना पड़ सकता है। वजह, प्रयाग से पहले से ही दो पैसेंजर ट्रेनें निरस्त चल रही हैं।
पूर्वोत्तर रेलवे ने सिंगरौली/शक्तिनगर से बरेली को जाने वाली गाड़ी 14369/24369 त्रिवेणी एक्सप्रेस 13, 14 और 15 जनवरी को निरस्त कर दिया है। इससे यह ट्रेन 14, 15 और 16 जनवरी की भोर में इलाहाबाद और प्रयाग स्टेशन पर नहीं मिलेगी। वापसी में भी गाड़ी बरेली से सिंगरौली/शक्तिनगर जाने वाली गाड़ी 14370/24370 त्रिवेणी एक्सप्रेस 14, 15 और 16 जनवरी को नहीं चलेगी। जंक्शन से सिंगरौली और शक्तिनगर जाने वालों को इससे मुश्किल हो सकती है।
इसके साथ ही बरेली से प्रयाग को आने वाली 14308 बरेली-प्रयाग एक्सप्रेस 14, 15 और 16 जनवरी को नहीं चलेगी। इसी तरह गाड़ी संख्या 14307 प्रयाग-बरेली एक्सप्रेस 13, 14 और 15 जनवरी को निरस्त रहेगी। बता दें कि 14 और 15 जनवरी को मकर संक्रांति का स्नान कर लौटने वाले यात्रियों की प्रयाग स्टेशन पर भारी भीड़ होती है। इस ट्रेन के न होने से दिक्कतें बढ़ सकती हैं।