इलाहाबाद। इलाहाबाद समेत पूरे यूपी में आजादी का सातवां दशक पूरा होने के उपलक्ष्य में भाजपा की ओर से मंगलवार को तिरंगा यात्रा निकाली गई। सिविल लाइंस स्थित सुभाष चौराहे से यात्रा को झंडी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने दिखाई। दो पहिया एवं चार पहिया वाहनों के जरिये यात्रा के माध्यम से भाजपा ने केंद्र सरकार की 70 योजनाओं का प्रचार-प्रसार भी शुरू कर दिया। इस दौरान यात्रा में शामिल भाजपाइयो ने मोदी सरकार की 70 उपलब्धियों का पर्चा भी लोगों को दिया।
सुभाष चौराहे पर तिरंगा यात्रा शुभारंभ के अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद ने कहा कि यात्रा पूरे देश में निकाली जा रही है। यहां सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद केशव ने पीएम मोदी की शान में कसीदे पढ़े। कहा कि जो काम 70 साल में नहीं हो सका उसे पीएम मोदी से दो साल में ही करके दिखा दिया। इस दौरान प्रदेश सरकार पर भी उन्होंने कटाक्ष किया।
कहा कि मुलायम और अखिलेश की सरकार में कोई अंतर नहीं रहा। दोनों ही सरकारों में गुंडों का वर्चस्व हावी रहा। केशव ने सुभाष चंद्र बोस के नारे ‘तुम मुझे खून दो मै तुम्हे आजादी दूंगा’ की तर्ज पर कहा कि ‘वर्ष 2017 में आप वोट दें और हम आपको सुशासन देंगे’। यात्रा संयोजक विजय मिश्र ने बताया कि नगर के सभी मंडलों से यात्रा 23 अगस्त तक निकलेगी। इस मौके पर डा. नरेंद्र सिंह गौर, डा. कमला सिंह, डा. एलएस ओझा, मुरारी लाल अग्रवाल, सुबोध सिंह, अनीता सचान, शशांक त्रिपाठी, पवन श्रीवास्तव, सुशील मिश्र, पदुम जायसवाल, हर्ष बाजपेयी, आशीष गुप्ता, कुंज बिहारी मिश्र, गणेश केसरवानी, संदीप चौहान आदि मौजूद रहे।