इलाहाबाद। नमामि गंगे योजना के तहत गंगा-यमुना की सफाई के लिए आई हाईड्रोलिक मशीन युक्त दो मोटर बोट का शनिवार को यमुना बैंक रोड स्थित एडीए के बोट क्लब में ट्रायल हुआ। दोनों मशीनें ट्रायल में उपयोगी पाई गई। इन मोटर बोटों से गंगा-यमुना से फूल, माला, पॉलीथिन समेत प्रवाहित की जाने वाली अन्य पूजन सामग्री निकाली जाएगी। दोनों मशीनें शुक्रवार को यहां पहुंची हैं। अभी इनके प्लेटफॉर्म और सीढ़ियां आनी हैं।
पुणे से मंगाई गईं हाईड्रोलिक मशीन युक्त दोनों मोटर बोट की कीमत करीब 40 लाख रुपये है। इनमें 60 हार्सपावर का इंजन लगा है। शनिवार को बोट क्लब अधिकारी डीपी सिंह की मौजूदगी में कंपनी के इंजीनियर देवदास ने यमुना में बोट क्लब से संगम तक दोनों बोटों को चलाया। इस दौरान एक मशीन से दस किलो से ज्यादा फूल, माला, पॉलीथिन समेत अन्य गंदगी नदी से निकाली गई। इन मशीनों का संचालन एडीए करेगा।
बोट क्लब अधिकारी डीपी सिंह ने बताया कि मशीन के ट्रायल के बाद इनके संचालन के लिए कर्मचारियों को कंपनी के इंजीनियर ट्रेनिंग भी दे रहे हैं। बताया कि ट्रकों की हड़ताल के कारण प्लेटफॉर्म और सीढ़ी अभी नहीं पहुंच पाई है। कर्मचारियों की ट्रेनिंग तथा मोटर बोट बाकी सामान आने के बाद मंडलायुक्त से इसका उद्घाटन कराया जाएगा।